उपायुक्त ने सुनीं समस्याएं, कहा जनशिकायतों का निवारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता
चतरा। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने जनता दरबार का आयोजन कर आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के विभिन्न सुदूरवर्ती प्रखंडों से पहुंचे दर्जनों ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए। मौके पर उपायुक्त ने जनशिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी रितेश कुमार को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि जनता दरबार में आने वाले सभी आवेदनों का विधिवत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के पश्चात इन आवेदनों को संबंधित विभागों को अविलंब अग्रसारित करें। उपायुक्त ने प्रत्येक मामले के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन हेतु नियमित मॉनिटरिंग (अनुश्रवण) करने पर जोर दिया, ताकि आम जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, पेयजल संकट, प्रधानमंत्री आवास, वृद्धा व दिव्यांग पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग, मनरेगा, सड़क निर्माण तथा अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े मामले प्रमुखता से आए। उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा आमजनों की सुविधा के लिए प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। समाहरणालय परिसर में आयोजित होने वाला यह दरबार पूर्वाह्न 11ः30 बजे से अपराह्न 12ः30 बजे तक चलता है, जहां कोई भी नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर सीधे जिले के उच्चाधिकारियों से मिल सकता है।
Also Read: पेयजल संकट दूर करने को प्रशासन रेसः पंचायतों में शिविर लगाकर सुधारे जा रहे चापाकल





















Total Users : 945050
Total views : 2699204