लोहरदगा –शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर, लोहरदगा में ‘बाल संसद’ के गठन हेतु लोकतांत्रिक व्यवस्था के अंतर्गत भव्य एवं सुव्यवस्थित मतदान प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भैया-बहनों को मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया से परिचित कराना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना था।
विद्यालय के ‘बाल भारती’ के प्रधानमंत्री एवं सेनापति पद के लिए मतदान कराया गया। इसके पूर्व इच्छुक उम्मीदवार भैया-बहनों ने विभिन्न पदों हेतु नामांकन प्रस्तुत किया तथा अपने समर्थन में विद्यालय परिसर में अनुशासित ढंग से प्रचार-प्रसार किया। आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने हेतु मतदान से एक दिन पूर्व प्रचार कार्य पूर्णतः बंद करा दिया गया।
मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी कक्षाओं के भैया-बहनों को दो सदनों में विभाजित किया गया। तत्पश्चात सभी विद्यार्थियों ने अपने-अपने वर्ग के प्रधानमंत्री एवं सेनापति के चयन हेतु बैलेट पेपर पर मोहर लगाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान छात्रों में उत्साह, जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
मतगणना उपरांत विजयी उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी तथा आगामी 16 मई 2026 को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर शिशु वर्ग, बाल वर्ग एवं किशोर वर्ग के लिए मंत्रिमंडल का भी गठन किया जाएगा।
यह संपूर्ण प्रक्रिया विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य श्यामसुंदर कुमार के कुशल निर्देशन में तथा आचार्य राजीव कुमार, श्वेता संदेश, जया मिश्रा एवं सभी आचार्य/दीदी जी के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए लोकतंत्र की वास्तविक समझ और नेतृत्व विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।





















Total Users : 944855
Total views : 2698954