लोहरदगा (भंडरा): जिले में बेखौफ वाहन चलाने वालों और नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शनिवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) जया शंखी मुर्मू के नेतृत्व में भंडारा थाना क्षेत्र के चट्टी पिकेट पर ‘रफ्तार और नियमों’ की जमकर परीक्षा हुई।
शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे के बीच चलाए गए इस सघन जांच अभियान ने मुख्य मार्ग पर हड़कंप मचा दिया। डीटीओ की पैनी नजर से न हेलमेट वाले बच पाए और न ही सीट बेल्ट भूलने वाले। अभियान के दौरान लगभग 120 वाहनों को रोका गया, जिनमें से 27 वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत गाज गिरी।
जांच टीम ने ई-पॉस (e-POS) मशीन के जरिए मौके पर ही कार्रवाई की। ट्रिपल राइडिंग, नाबालिगों द्वारा ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग जैसे मामलों में कुल 85,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। खास बात यह रही कि प्रशासन ने केवल जुर्माना ही नहीं वसूला, बल्कि नियम तोड़ने वालों को सड़क सुरक्षा का ‘पाठ’ भी पढ़ाया।
अभियान के दौरान डीटीओ जया शंखी मुर्मू ने सख्त लहजे में कहा कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाहनों में अतिरिक्त लाइटें लगाना, मोबाइल का उपयोग करना या बिना हेलमेट चलना मौत को दावत देने जैसा है।
इस मौके पर जिला सड़क सुरक्षा टीम और भंडरा थाना पुलिस के जवान मुस्तैद रहे, जिससे अभियान पूरी तरह सफल रहा।























Total Users : 902487
Total views : 2640349