ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर भी नाराजगी जताई
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज प्रखंड के चकला पंचायत अंतर्गत पिछुलिया और लेवाड़ गांव से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां अनुसूचित जाति के दर्जनों परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अब तक उनके गांव तक नहीं पहुंच पाया है। ग्रामीणों के अनुसार लेवाड़ गांव में लगभग 30 और पिछुलिया में करीब 25 घर ऐसे हैं, जहां आज तक बिजली, सड़क, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। स्थिति यह है कि कुछ लोगों को राशन मिलता है तो कुछ अब भी वंचित हैं। महिलाओं को मैय्या सम्मान योजना का लाभ नहीं मिल रहा, वहीं बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन भी नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में अब तक स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम नहीं पहुंची है, जिससे लोगों को इलाज के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बिजली नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और अंधेरे में जीवनयापन करना जोखिम भरा हो गया है। पूर्व में सर्पदंश की घटनाओं में जान जाने की बात भी ग्रामीणों ने बताई। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि वे अपनी समस्याओं को लेकर कई बार प्रयास कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। बिजली की मांग को लेकर पहले भी आवाज उठाई गई, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे उपेक्षित गांवों की पहचान कर जल्द से जल्द बिजली, सड़क, पानी, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों का सरकार पर भरोसा कायम रह सके। यह मामला ग्रामीण विकास और सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
इसे भी पढ़ेः- शिक्षक ने रचा इतिहास, तीसरी बार विश्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज
इसे भी पढ़ेः- आवासीय विद्यालय में छात्रा के गर्भवती होने से हड़कंप, परिजनों का हंगामा, प्रशासन ने शुरू की जांच
इसे भी पढ़ेः- अनोखी शादी: थाना गेट के बाहर सड़क बनी मंडप, बिना बारात-डीजे-पंडित चार प्रेमी जोड़ों ने रचाई शादी
इसे भी पढ़ेः- मंईयां सम्मान योजना: 20वीं किस्त जारी, लाखों महिलाओं के खातों में पहुंच रही सहायता राशि



















Total Users : 958595
Total views : 2717140