गुणवत्ता पर उठे सवाल, संवेदक ने बताया मानक के अनुसार कार्य
कुंदा (चतरा)। कुंदा प्रखंड क्षेत्र के मरगड़ा पंचायत अंतर्गत गेंदरा गांव में मुख्य सड़क से उपेंद्र गंझु के घर तक बन रही कालिकरण सड़क के निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण शुरू होने से उन्हें उम्मीद जगी थी कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा, लेकिन संवेदक की कथित लापरवाही के कारण उनकी उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है, जिससे सड़क जल्द ही टूटने की आशंका है। यह सड़क ग्रामीण विकास विभाग की ओर से बनाई जा रही है। हालांकि संवेदक पप्पू यादव ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कार्य विभागीय मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। वहीं संबंधित विभाग के जेई ने बताया कि कार्य अभी प्रगति पर है और इसे पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य रखने की अपील की है। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें वर्षों से सड़क की समस्या से जूझना पड़ रहा है और अब निर्माण कार्य में अनियमितता से उनकी परेशानी और बढ़ सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण कार्य की जांच कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है।























Total Users : 897045
Total views : 2632670