डीसी और एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में किया निरीक्षण, शांति बनाए रखने की अपील
लोहरदगा, झारखंड। रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। उपायुक्त डॉ. ताराचंद और पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के संयुक्त नेतृत्व में शहरी क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक टीम टाउन थाना, बड़ा तालाब, पावरगंज, न्यू रोड, सोमवार बाजार, टीपू सुल्तान चौक और रहमत नगर समेत विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंची। अधिकारियों ने अपनी मौजूदगी के जरिए विधि-व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट संदेश दिया।
इस दौरान बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों के जवान तैनात रहे। प्रशासन द्वारा जुलूसों के लिए निर्धारित मार्ग और समय का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं और जिले की गौरवशाली परंपरा को बनाए रखें।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाईक, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी सुदीप किड़ो, प्रखंड विकास पदाधिकारी गौरी शंकर शर्मा, अंचल अधिकारी आर एन खलखो सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।





















Total Users : 864676
Total views : 2587131