दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस व फॉरेंसिक टीम
हजारीबाग, झारखंड। विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार को संदेहास्पद परिस्थितियों में एक नाबालिग लड़की का क्षत-विक्षत शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव बांस की झुरमुट के पास मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बच्ची के शरीर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं और उसके दांत भी तोड़े गए हैं। घटनास्थल पर खून के छींटे बिखरे मिले, जिससे घटना की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा रहा है। परिजनों ने आशंका जताई है कि बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है।
परिजनों के मुताबिक, लड़की मंगलवार रात करीब 8 बजे गांव में निकले मंगला जुलूस में शामिल हुई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। पूरी रात परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश करते रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस मामले में इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी सपन कुमार महथा और एसडीपीओ बैद्यनाथ प्रसाद मौके पर पहुंचे और परिजनों को शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एसडीपीओ बैद्यनाथ प्रसाद ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।






















Total Users : 864691
Total views : 2587158