
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत मारंगी से गांगपुर तक बन रही कालीकरण सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। लगभग सात किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण चतरा आरईओ (ग्रामीण कार्य विभाग) के तहत सहाय कंस्ट्रक्शन द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है तथा बेस और डामरीकरण की परतें निर्धारित मोटाई के अनुसार नहीं बिछाई जा रही हैं। कई स्थानों पर नई बनी सड़क की सतह उखड़ने लगी है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जल्दबाजी में कार्य कर केवल औपचारिकता पूरी की जा रही है। यदि इसी प्रकार निर्माण जारी रहा तो सड़क कुछ ही महीनों में टूटकर गड्ढों में तब्दील हो सकती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जिससे लोगों का आवागमन, व्यापार और दैनिक जीवन जुड़ा हुआ है। ऐसे में घटिया निर्माण कार्य जनहित के साथ खिलवाड़ के समान है। इस संबंध में आरईओ विभाग के सहायक अभियंता श्रीदेव उपाध्याय ने कहा कि कालीकरण सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के अनुरूप कराया जाएगा तथा स्टीमेट के अनुसार ही सामग्री का उपयोग होना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

















Total Users : 809565
Total views : 2511581