देवघर। झारखंड के देवघर जिले का मधुपुर क्षेत्र एक बार फिर सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील हो गया है। लालगढ़ में मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के दौरान हुई हिंसा की घटना की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि मधुपुर के डंगालपाड़ा मोहल्ला स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा प्लास्टिक में बांधकर आपत्तिजनक सामग्री फेंके जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। शनिवार सुबह मंदिर की साफ-सफाई करने पहुंचे युवक ने सबसे पहले प्लास्टिक का थैला देखा। इसके बाद पूजा के लिए आए लोगों को जानकारी दी गई, जिससे देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया।
पिछली घटना से सबक लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मधुपुर थाना के थाना प्रभारी संतोष कुमार, एसडीपीओ सत्येन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। वहीं भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सचिन रमानी समेत अन्य पार्टी नेता भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि नगर निकाय चुनाव के दौरान माहौल बिगाड़ने की साजिश के तहत यह कृत्य किया गया हो सकता है। पुलिस ने आश्वस्त किया कि असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आरोपितों की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही संदिग्ध मोबाइल लोकेशन की भी जांच की जा रही है। एहतियातन इलाके में पुलिस कैंप कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भी मधुपुर भेजा गया है। सुरक्षा के मद्देनज़र मधुपुर के धार्मिक स्थलों की सूची तैयार की जा रही है। प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी की जा रही है।



















Total Users : 797791
Total views : 2495646