जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर मदनी अकादमी, दुंदवा और बारीसाखी में आयोजन; अधिकार मित्रों और पीएलवी ने पॉक्सो, बाल विवाह और बाल श्रम पर किया सजग
सिमरिया/गिद्धौर (चतरा)। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चतरा के सचिव तारकेश्वर दास के निर्देशन में सिमरिया और गिद्धौर प्रखंड में कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों और कानूनी संरक्षण की जानकारी दी गई।
सिमरिया में: प्रखंड मुख्यालय स्थित मदनी अकादमी में कानूनी सहायता केंद्र, सिमरिया के अधिकार मित्र सुबोध कुमार शर्मा और उमेश प्रसाद ने शिविर का संचालन किया। वहीं अधिकार मित्र सीता देवी ने ग्राम दुंदवा में कार्यक्रम आयोजित किया।
अधिकार मित्रों ने छात्र-छात्राओं को बाल दिवस का महत्व बताया और शिक्षा का अधिकार, बाल सुरक्षा, बाल श्रम, बाल शोषण और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को सम्मान से जीने, शिक्षा पाने और सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ने का अधिकार है। अधिकारों का हनन होने पर चुप न रहकर संबंधित विभाग या प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई। संकट में मदद के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए नालसा हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई।
गिद्धौर में: प्रखंड के बारीसाखी गांव में पीएलवी पवन कुमार, सुरेश प्रसाद राणा और कुमारी शारदा भारती के नेतृत्व में शिविर लगा। पीएलवी ने बताया कि हर साल 14 नवंबर को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर बाल दिवस मनाया जाता है और बच्चों के प्रति उनके प्रेम के कारण उन्हें चाचा नेहरू कहा जाता था।
बच्चों को शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह रोकथाम, बाल श्रम निषेध, पॉक्सो अधिनियम, गुड टच-बैड टच, मोबाइल के सही उपयोग और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। पीएलवी ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को पढ़ाई से वंचित न करें, बाल मजदूरी न कराएं और बाल विवाह रोकने में सहयोग करें। बच्चों के साथ शोषण, हिंसा या बाल विवाह की घटना होने पर तुरंत जिला विधिक सेवा प्राधिकार को सूचना दें, पीड़ित बच्चे को निःशुल्क कानूनी सहायता दी जाएगी। मौके पर ग्रामीण गोपाल भुईया, उमेश कुमार भुइयां, तापेश्वर भुइयां, सहादेव भुइयां, अजीत भुइयां समेत बच्चे और अन्य लोग मौजूद थे।




















Total Users : 1268134
Total views : 3135784