पुलिस की दबिश के बाद छोड़ी गई बच्ची; 60 हजार रुपये के लेन-देन का मामला आया सामने, साइबर ठगी की आशंका; कानून हाथ में लेने वालों पर भी नजर
हंटरगंज (चतरा)। वशिष्ठनगर-जोरी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची को कथित तौर पर तीन दिनों तक घर में बंद रखने का मामला सामने आने के बाद जमकर हंगामा हुआ। गुस्साए ग्रामीणों ने दो आरोपितों को पेड़ से बांधकर पीट दिया। पुलिस ने दोनों को मुक्त कराकर हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
घटनाक्रम: जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की एक नाबालिग बच्ची अचानक लापता हो गई थी और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आरोपितों के घर दबिश दी, जिसके बाद बच्ची को छोड़ा गया। घर लौटकर बच्ची ने परिजनों को बताया कि सुनीता देवी और विकास ठाकुर ने उसे तीन दिनों तक अपने घर में बंद रखा था। यह बात फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने दोनों को रस्सी से पेड़ में बांधकर मारपीट की। तनाव की सूचना पर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे, ग्रामीणों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की और दोनों को मुक्त कराकर हिरासत में लिया।
60 हजार रुपये का लेन-देन: थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में 60 हजार रुपये के लेन-देन की बात सामने आई है। बच्ची आरोपित महिला के मोबाइल से किसी अज्ञात युवक से बात करती थी। प्रारंभिक जानकारी है कि बच्ची ने महिला से करीब 60 हजार रुपये लेकर उस युवक को दे दिए थे। रकम वापस न मिलने पर विवाद बढ़ा और बच्ची को घर में बंद रखने का आरोप सामने आया। पुलिस को उस युवक के साइबर ठगी से जुड़े होने की आशंका है। हालांकि पुलिस के अनुसार पूरी सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस की कार्रवाई: थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर सुनीता देवी और विकास ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची की नियमानुसार मेडिकल जांच और बयान के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस 60 हजार रुपये के लेन-देन और अज्ञात युवक की भूमिका की भी जांच कर रही है। वहीं ग्रामीणों द्वारा कानून हाथ में लेकर मारपीट किए जाने के मामले को भी पुलिस गंभीरता से देख रही है।



















Total Users : 1264103
Total views : 3129899