ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने नवजात और मां को कराया अस्पताल में भर्ती; बेहतर इलाज के लिए रेफर
पलामू: जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के मनहु गांव में एक नवजात खेत की मेड़ पर पड़ा मिला। नवजात के पास पूजा-पाठ की सामग्री भी मिली है। ग्रामीणों ने यह देखते ही तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नवजात और उसकी मां को अपनी निगरानी में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
शुक्रवार रात जन्मा था बच्चा
ग्रामीणों के अनुसार, मनहु गांव निवासी रवींद्र उरांव की पत्नी ने शुक्रवार की रात बच्चे को जन्म दिया था। दंपती के पहले से चार बच्चे (दो बेटियां और दो बेटे) हैं। जन्म के कुछ घंटे बाद ही इस पांचवें नवजात को गांव के ही एक खेत की मेड़ पर छोड़ दिया गया। रवींद्र बाहर मजदूरी करते हैं।
ग्रामीणों ने देखा, मचा शोर
खेत की मेड़ पर नवजात को देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया और मौके पर नवजात की मां को भी पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को पूरी जानकारी दी गई। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने नवजात और उसकी मां का रेस्क्यू कर उन्हें छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच रेफर कर दिया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि तीन महिलाएं झोले में नवजात को लेकर खेत तक पहुंची थीं, लेकिन वे मौके से फरार हो गईं। जिस जगह नवजात मिला, वहां से कुछ ही दूरी पर एक मंदिर भी है।

पुलिस जांच में जुटी
छतरपुर थाना प्रभारी सौरव चौबे ने बताया कि नवजात को खेत की मेड़ पर छोड़ा गया था। मां और बच्चे दोनों का रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि पारिवारिक कारणों से मां ने यह कदम उठाया था। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील भी की है।
News Scale Live – भरोसे की पहचान


















Total Users : 1251727
Total views : 3111566