धान, आलू और मटर को पहुंच रहा नुकसान, लागत निकालना भी मुश्किल; किसानों ने वन विभाग से सुरक्षा के ठोस उपाय और मुआवजे की मांग की
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड के खलारी गांव के दूधपनिया इलाके में जंगली जानवरों के आतंक से किसान परेशान हैं। नीलगाय, जंगली सूअर समेत अन्य जानवर खेतों में लगी धान, आलू, मटर सहित अन्य फसलों को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
किसान प्रसादी राम, अशोक दास, सुरेश दास समेत अन्य किसानों ने बताया कि चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण हुई लगातार बारिश और तेज हवा से धान की फसल पहले ही खेतों में गिर गई है। अब जंगली जानवर खेतों में घुसकर बची-खुची फसल भी नष्ट कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि दिन-रात मेहनत के बावजूद उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है।
किसानों के अनुसार खेती में महंगे बीज, खाद और अन्य सामग्री लगाई गई है, लेकिन फसल सुरक्षित नहीं रह पा रही। यही स्थिति रही तो खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। मौसम की मार झेल रहे किसानों की परेशानी जंगली जानवरों ने और बढ़ा दी है। किसानों ने वन विभाग और संबंधित अधिकारियों से फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस पहल करने तथा नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।



















Total Users : 1251769
Total views : 3111624