डीसी ने वर्षभर खेती और वैकल्पिक आजीविका अपनाने पर दिया जोर, मशरूम उत्पादन व पशुपालन से आय बढ़ाने की अपील
गुमला (झारखंड)। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), गुमला के तत्वावधान में गुरुवार को नगर भवन में महिला किसान दिवस के अवसर पर किसान गोष्ठी सह किसान-वैज्ञानिक अंतर्मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 24 महिला किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, जिला कृषि पदाधिकारी शुभम प्रिया तियू सहित बड़ी संख्या में महिला किसान और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।
वर्षभर खेती से बढ़ेगी किसानों की आय

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि गुमला कृषि प्रधान जिला है और यहां बड़ी संख्या में परिवार खेती-किसानी पर निर्भर हैं। महिला किसान घरेलू जिम्मेदारियों के साथ कृषि उत्पादन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने महिला किसानों को संगठित होकर कृषि गतिविधियों में आगे बढ़ने की अपील की। डीसी ने कहा कि गुमला के किसानों ने रागी की खेती के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा देने और कृषि की विविध गतिविधियों को अपनाने से किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि जिले में अधिकांश खेती वर्षा पर निर्भर है, जिसके कारण कई खेतों में साल के कुछ महीनों में ही खेती हो पाती है। ऐसे में सिंचाई की सुविधा वाले क्षेत्रों में रबी फसलों की खेती को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने जलस्रोतों और नहरों का बेहतर उपयोग करने पर जोर देते हुए कहा कि उपलब्ध कृषि भूमि का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन कृषि विभाग के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार कर रहा है।
मशरूम, मुर्गी और बकरी पालन से अतिरिक्त आय पर जोर
उपायुक्त ने महिला किसानों को पारंपरिक खेती के साथ वैकल्पिक आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने मशरूम उत्पादन, अंडा उत्पादन, मुर्गी पालन और बकरी पालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि कृषि आधारित इन कार्यों से महिलाओं को अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकते हैं। जिला प्रशासन की ओर से इन क्षेत्रों में महिला किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

महिला किसानों के योगदान की सराहना
जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा ने कहा कि गुमला की महिलाएं कृषि क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं। रागी मिशन से जुड़ी महिला किसानों सहित विभिन्न कृषि गतिविधियों में उनकी भागीदारी जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने महिला किसानों को अपने अनुभव साझा करने और नई कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी ने कहा कि महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों के साथ कृषि और अन्य आजीविका गतिविधियों के जरिए अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने और आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने की अपील की।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली 24 महिला किसानों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 24 महिला किसानों को सम्मानित किया। आयोजन का उद्देश्य महिला किसानों के योगदान को पहचान देना, उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना तथा खेती और उससे जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से उनकी आजीविका को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी शुभम प्रिया तियू ने महिला किसानों की भूमिका और कृषि क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। अन्य अतिथियों ने भी महिला किसानों को कृषि क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी, नई तकनीकों को अपनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।















Total Users : 1231177
Total views : 3082700