जिला प्रशासन ने आमजनों से की अपील, संदिग्ध संदेश या आर्थिक लेन-देन के अनुरोध पर बिना सत्यापन न करें भरोसा
चतरा। जिला प्रशासन के संज्ञान में उपायुक्त रवि आनंद के नाम एवं फोटो का उपयोग कर एक कथित फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट संचालित किए जाने का मामला आया है। जिला प्रशासन के अनुसार प्रथम दृष्टया उक्त अकाउंट उपायुक्त अथवा जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सऐप अकाउंट प्रतीत नहीं होता।
प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि ऐसे किसी संदिग्ध व्हाट्सऐप नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट अथवा अन्य माध्यम से प्राप्त संदेश या कॉल पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करें। विशेष रूप से किसी प्रकार के आर्थिक लेन-देन या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने संबंधी अनुरोध पर सावधानी बरतने को कहा गया है।
संदिग्ध गतिविधि की तत्काल दें सूचना
जिला प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को उपायुक्त के नाम या फोटो का उपयोग कर संचालित किसी संदिग्ध अकाउंट से संदेश, कॉल अथवा अन्य गतिविधि प्राप्त होती है तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना या जिला प्रशासन को दी जाए, ताकि आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आधिकारिक सूचनाएं, निर्देश एवं जनहित से जुड़ी जानकारी केवल अधिकृत प्रशासनिक माध्यमों और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही प्रसारित की जाती हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से साइबर ठगी तथा फर्जी सोशल मीडिया एवं मैसेजिंग अकाउंट के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित प्राधिकार को देने की अपील की है।


















Total Users : 1284712
Total views : 3161426