तीज के दौरान डीजे की तेज आवाज और अंधेरे का उठाया फायदा, पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टॉर्च, हेयर पिन, कपड़े व मोबाइल बरामद किए
कुंदा (चतरा), संवाददाता। चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बानाशाम पाठकडीह निवासी कमलेश भारती और मनोज कुमार के रूप में हुई है।

गुरुवार को डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार करने की बात कही है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पीड़िता का लाल रंग का टॉर्च, हेयर पिन, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा कमलेश भारती का लावा कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद वस्तुएं जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल की जाएंगी।
डीएसपी के अनुसार, 14 सितंबर की रात तीज पर्व के दौरान गांव में डीजे बज रहा था और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने पहुंचे थे। मृतका भी डीजे देखने गई थी। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान दोनों आरोपियों ने भीड़, डीजे की तेज आवाज और अंधेरे का फायदा उठाकर नाबालिग को अपने कब्जे में लिया और उसे सुनसान स्थान पर ले गए। पुलिस के अनुसार, दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पहचान उजागर होने के डर से दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
15 सितंबर की दोपहर पुलिस को बेसरा गांव के पास झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कुंदा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेजा।
मामले को लेकर कुंदा थाना कांड संख्या 62/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 70, 64, 103(1), 3(5) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। इसके बाद लगातार छापेमारी करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
विशेष टीम ने की लगातार छापेमारी
छापेमारी अभियान में कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार, सअनि अशोक कुमार मंडल, सअनि नागेश्वर पंडित, सअनि मुनेश्वर चौधरी, सशस्त्र बल के जवान तथा तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच एवं कानूनी कार्रवाई जारी है।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान





















Total Users : 1188330
Total views : 3023827