एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देशन में पुलिस की कई टीमों ने चलाया अभियान, परिजनों ने ली राहत की सांस
चतरा, संवाददाता। चतरा शहर के नगवां निवासी लापता टेंपो चालक तिलक यादव को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के दिशा-निर्देशन में पुलिस की कई टीमों ने वैज्ञानिक एवं मानवीय सूचना संकलन के आधार पर अभियान चलाकर तिलक यादव को बरामद किया। पूरे अभियान की निगरानी एसपी स्वयं कर रहे थे।
बताया गया कि तिलक यादव 13 सितंबर से लापता था। उसके अचानक लापता होने के बाद परिजन लगातार चिंतित थे। परिजनों ने पुलिस से उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटाकर उसकी तलाश शुरू की।
तिलक की बरामदगी की मांग को लेकर बुधवार को टेंपो संघ और परिजनों ने धरना भी दिया था। इसके बाद पुलिस ने तलाश अभियान को और तेज किया। लगातार प्रयास के बाद पुलिस को तिलक यादव को सकुशल बरामद करने में सफलता मिली।
तिलक यादव के सकुशल मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, उन्होंने राहत की सांस ली। परिवार के लोगों ने उसकी बरामदगी के लिए पुलिस द्वारा किए गए प्रयासों पर संतोष जताया।
बरामदगी अभियान में एसडीपीओ सन्नी वर्धन के अलावा कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले से जुड़े कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जल्द ही प्रेस वार्ता के माध्यम से साझा किए जाने की संभावना है। फिलहाल पुलिस तिलक यादव से पूछताछ कर उसके लापता होने के कारणों एवं पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान



















Total Users : 1218242
Total views : 3064913