हरसिंहरायडीह स्थित आवास पर परिजनों से मिले मुख्यमंत्री, कहा—सुदिव्य सोनू का असामयिक निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति
गिरिडीह, न्यूज स्केल संवाददाता। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित स्मृति-शेष पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने द्वादशकर्म कार्यक्रम में शामिल होकर दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों, पत्नी, पुत्र एवं पुत्री से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन घड़ी में परिवार को धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन बेहद दुखद है और यह राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि मंत्री के रूप में सुदिव्य सोनू की सक्रियता और उनका व्यक्तित्व किसी से छिपा नहीं था। समाज और राज्य को हमेशा ऐसे लोगों की आवश्यकता रहती है, जिनमें हौसला, जुनून और जनसेवा की भावना हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक सुदिव्य सोनू ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को दिशा देने का कार्य किया। उनका व्यक्तित्व सभी वर्गों के लोगों के बीच अपनी अलग पहचान रखता था। उन्होंने कहा कि अभी भी मन यह मानने को तैयार नहीं है कि सुदिव्य सोनू अब उनके बीच नहीं हैं, लेकिन विधि के विधान को कोई टाल नहीं सकता। उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री की स्मृतियां और उनके कार्य लोगों के बीच मिसाल के रूप में कायम रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य सोनू के द्वादशकर्म में दलगत भावना से ऊपर उठकर विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और समाज उनके परिवार के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पहुंचे आम लोगों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
कल्पना सोरेन ने भी दी श्रद्धांजलि
विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा ईश्वर से परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
द्वादशकर्म कार्यक्रम में मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, राज्यसभा सांसद, विधायक, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, राज्य सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारी, गिरिडीह जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक तथा बड़ी संख्या में समर्थक एवं शुभचिंतक शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से दिवंगत पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान





















Total Users : 1188373
Total views : 3023880