सन्नी की संदिग्ध मौत से मोहल्ले में सनसनी, पिता ने दोस्तों पर लगाया हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप
चतरा, संवाददाता। चतरा जिला मुख्यालय स्थित मुख्य बस स्टैंड के पीछे एक कुएं से 22 वर्षीय युवक सन्नी यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान किशनपुर मोहल्ला, वार्ड संख्या 22 निवासी भरत यादव के पुत्र के रूप में हुई है। कुएं में शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद मृतक के घर में चीख-पुकार मची हुई है।
बताया गया कि सन्नी यादव अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। परिवार में उसकी दो बहनें हैं। उसकी अचानक मौत से माता-पिता और बहनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सन्नी मिलनसार स्वभाव का युवक था। उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे किशनपुर मोहल्ले में शोक का माहौल है।

पिता ने दोस्तों पर जताई हत्या की आशंका
मृतक के पिता भरत यादव ने हत्या की आशंका जताते हुए सन्नी के दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके पुत्र की योजनाबद्ध तरीके से हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंका गया है। हालांकि, हत्या की पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने यह भी बताया कि करीब छह माह पहले सन्नी की चाची की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। एक ही परिवार में कम समय के अंतराल पर हुई दूसरी संदिग्ध मौत ने परिजनों की चिंता और बढ़ा दी है।
पोस्टमार्टम से पहले कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन
घटना से आक्रोशित परिजनों ने शुरुआत में शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए दोषियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर सदर थाना के एएसआई दुखी राम महतो समेत पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया। पुलिस ने मामले में निष्पक्ष जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन शांत हुए और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेजा गया।
सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, कॉल विवरण और उसके संपर्क में रहे लोगों की गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही सन्नी की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान





















Total Users : 1188328
Total views : 3023825