मवेशी चराकर लौटने के दौरान फिसलकर खाई में गिरा था युवक, ग्रामीणों के अथक प्रयास से बाहर निकाला गया शव
कान्हाचट्टी (चतरा), न्यूज स्केल संवाददाता। चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड अंतर्गत राजपुर थाना क्षेत्र के सहोर गांव निवासी 37 वर्षीय खेमलाल सिंह उर्फ मनोज, पिता भगवान सिंह, का शव गुरुवार की अहले सुबह हरियोखार की गहरी खाई से बरामद किया गया। दो दिनों से चल रही खोजबीन के बाद शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया गया कि मंगलवार को मनोज मवेशी चराकर घर लौट रहा था। इसी दौरान हरियोखार में पत्थर के ऊपर से गुजरने के क्रम में उसका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। पानी में गिरने के बाद वह लापता हो गया था। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन, ग्रामीण और पुलिस उसकी तलाश में जुट गए थे।
बुधवार को दिनभर व्यापक स्तर पर खोजबीन की गई, लेकिन मनोज का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद गुरुवार की अहले सुबह ग्रामीणों ने दोबारा अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद गहरी खाई में मनोज का शव दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने अथक प्रयास कर शव को खाई से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
मनोज का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस हृदयविदारक घटना से सहोर गांव सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने शव की तलाश में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रयास की सराहना की।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान



















Total Users : 1188333
Total views : 3023831