योग एवं नेचुरोपैथी में दो वर्षीय पीजी और योग में एक वर्षीय डिप्लोमा का मौका, 5 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन
हजारीबाग। विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के योग केंद्र में योग एवं नेचुरोपैथी के दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम तथा योग में एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसकी जानकारी विश्वविद्यालय योग केंद्र के निदेशक डॉ. राजकुमार चौबे ने दी।
उन्होंने बताया कि 21 अगस्त से 5 सितंबर तक ऑनलाइन नामांकन प्रपत्र जमा किया जा सकता है। इसके बाद 10 सितंबर को मेधा सूची जारी की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों के दस्तावेजों का ऑफलाइन सत्यापन 11 से 16 सितंबर तक विश्वविद्यालय के योग केंद्र में किया जाएगा।

500 रुपये शुल्क के साथ आवेदन
डॉ. चौबे के अनुसार, विश्वविद्यालय के चांसलर पोर्टल के माध्यम से 500 रुपये शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकता है। दोनों पाठ्यक्रमों के लिए समान शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है।
किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ऑनर्स या मेजर में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक के साथ उत्तीर्ण विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। वहीं जनरल कोर्स से स्नातक विद्यार्थियों के लिए 60 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।
योग से रोजगार के अवसर भी
डॉ. राजकुमार चौबे ने विद्यार्थियों से योग के बढ़ते महत्व को देखते हुए इन पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग के क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। योग प्रशिक्षक और योग शिक्षक की मांग विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि योग न केवल रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराता है, बल्कि व्यक्तित्व विकास के साथ शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ जीवन जीने में भी सहायक है।






















Total Users : 1132764
Total views : 2956122