जमीन विवाद को लेकर बढ़ा तनाव, थाना में आवेदन देकर लगाई न्याय की गुहार
न्यूज स्केल लाइव
चतरा (मयूरहंड)। मयूरहंड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मंझगावां पंचायत के पूर्व मुखिया सह महेशा गांव के मूल निवासी इश्हाक अली और उनके पूरे परिवार पर इस वक्त गंभीर संकट मंडरा रहा है। पूर्व मुखिया और उनके परिजनों को अज्ञात व उनके अपने ही करीबियों द्वारा जान से मारने की खुली धमकी दी जा रही है। इस संवेदनशील मामले को लेकर पीड़ित पूर्व मुखिया ने मयूरहंड थाने में एक लिखित आवेदन सौंपकर अपने और अपने पूरे परिवार के लिए जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
सीओ और एसडीओ के आदेश पर बन रहा मकान, भाई बन रहे रोड़ा
थाने में दिए गए लिखित आवेदन में पूर्व मुखिया इश्हाक अली ने पूरे भूमि विवाद का विवरण देते हुए उल्लेख किया है कि वे महेशा गांव स्थित अपने स्वामित्व वाली जमीन (खाता संख्या- 57, प्लॉट संख्या- 4476, रकबा- 67 डिसमिल) पर एक मकान का निर्माण करा रहे हैं।
इस निर्माणाधीन घर और संबंधित जमीन को लेकर उनके सगे भाइयों के साथ पूर्व से ही पारिवारिक विवाद चला आ रहा था। पीड़ित ने बताया कि इस विवाद के संबंध में पूर्व में अंचल अधिकारी (CO) मयूरहंड एवं अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) चतरा द्वारा विधिवत आदेश पारित किया गया था। प्रशासनिक और कानूनी आदेशों के आलोक में ही वे अपनी निजी जमीन पर मकान निर्माण का कार्य करा रहे हैं।
“मकान नहीं रोका तो पूरे परिवार को मार डालेंगे”
पूर्व मुखिया का आरोप है कि उनके भाई और उनके कुछ बाहरी सहयोगी इस वैध निर्माण कार्य को पचा नहीं पा रहे हैं। उक्त लोगों द्वारा निर्माण स्थल पर पहुंचकर काम को तुरंत रोकने का दबाव बनाया जा रहा है। आरोपियों ने धमकी दी है कि यदि मकान का निर्माण कार्य अविलंब बंद नहीं किया गया, तो इश्हाक अली या उनके परिवार के किसी भी सदस्य को जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा और उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
आवेदन में यह भी बताया गया है कि उक्त दबंगों द्वारा पूर्व में भी पूर्व मुखिया और उनके परिवार के साथ हिंसक मारपीट की घटना को अंजाम दिया जा चुका है। उस पुरानी घटना के संदर्भ में मयूरहंड थाने में बकायदा कांड दर्ज (FIR) है, जिसका मामला वर्तमान में माननीय न्यायालय में विचाराधीन (Sub-Judice) है।
थाना प्रभारी राहुल दुबे ने कहा— ‘जांच जारी है, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई’
इस संवेदनशील और वीआईपी सुरक्षा से जुड़े विषय पर जब मयूरहंड के थाना प्रभारी राहुल दुबे से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि पूर्व मुखिया की शिकायत को बेहद गंभीरता से लिया गया है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया: “मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सनहा (Station Diary) दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन पुलिसिया अनुसंधान (इन्वेस्टिगेशन) शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान जो भी व्यक्ति कानून व्यवस्था को हाथ में लेने या धमकी देने के मामले में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ बिना किसी नरमी के सख्त विधी सम्मत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”
इधर, पूर्व मुखिया को धमकी मिलने की खबर से मंझगावां पंचायत और आस-पास के राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। ग्रामीणों ने भी स्थानीय प्रशासन से पूर्व मुखिया के परिवार को उचित सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।




















Total Users : 1033304
Total views : 2817639