उपायुक्त की अध्यक्षता में शिक्षा स्थापना समिति की बैठक, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर
चतरा: जिले की शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला शिक्षा स्थापना समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं शैक्षणिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य एजेंडा जिले में संचालित 842 प्रारंभिक विद्यालयों के जोन निर्धारण से संबंधित था। इस दौरान संबंधित प्रस्ताव पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा निर्धारित नियमों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यालयों का जोन निर्धारण किया गया। माना जा रहा है कि इस निर्णय से विद्यालयों के प्रशासनिक प्रबंधन में सुधार आएगा और शिक्षा व्यवस्था के संचालन में और अधिक दक्षता सुनिश्चित होगी।
उपायुक्त रवि आनंद ने बैठक के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा शिक्षा से संबंधित योजनाओं एवं गतिविधियों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित शैक्षणिक गतिविधियों और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। साथ ही शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी स्तरों पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार सहित शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। बैठक में लिए गए निर्णयों को जिले की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




















Total Users : 1033299
Total views : 2817632