पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका की योजनाओं को मिलेगी सर्वोच्च प्राथमिकता; उप विकास आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सिन्हा बने समग्र प्रभारी, जिला प्रशासन ने जारी किया पूरा शेड्यूल।
चतरा | न्यूज स्केल लाइव
चतरा जिले के ग्रामीण अंचलों के चहुंमुखी विकास, बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। जिला प्रशासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु DMFT (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) मद अंतर्गत PMKKKY (प्रधानमंत्री खनिज़ क्षेत्र कल्याण योजना) मार्गदर्शिका के अनुसार, चतरा जिले की सभी 154 पंचायतों में आगामी 21 मई से 23 मई 2026 तक विशेष ग्राम सभाओं के आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इस विशेष ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों की सीधी सहभागिता से पंचायतों की आवश्यकता पर आधारित वार्षिक कार्य योजना (Annual Action Plan) तैयार की जाएगी, जिससे धरातल पर जनोपयोगी एवं जन-कल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शी चयन किया जा सकेगा।
इन महत्वपूर्ण क्षेत्रों की कल्याणकारी योजनाओं को मिलेगी प्राथमिकता
जारी आधिकारिक प्रशासनिक आदेश के अनुसार, इस विशेष ग्राम सभा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं को दूर करने वाली निम्नलिखित विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर चयन सूची में शामिल किया जाएगा:
शिक्षा व बाल विकास: अतिरिक्त वर्ग कक्ष (क्लासरूम), आधुनिक प्रयोगशाला (लैब), पुस्तकालय (लाइब्रेरी), आवासीय विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों का सुदृढ़ीकरण।
स्वास्थ्य व स्वच्छता: स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति में सुधार, पेयजल की सुगम व्यवस्था और सामुदायिक व व्यक्तिगत शौचालय निर्माण।
कृषि एवं पशुपालन: किसानों के लिए कोल्ड स्टोरेज का निर्माण, सिंचाई सुविधाएं, पशुपालन को बढ़ावा और व्यापक वृक्षारोपण (पर्यावरण संरक्षण)।
आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर): सुदूरवर्ती गांवों को जोड़ने वाली सड़कें, पुल-पुलिया का निर्माण।
सशक्तिकरण व आजीविका: ग्रामीण महिलाओं के लिए महिला समूह (SHG) सशक्तिकरण, कौशल विकास और स्वरोजगार के नए अवसरों का सृजन।
विशेष ग्राम सभा के दौरान पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी विद्यालयों, स्वास्थ्य केन्द्रों और आंगनबाड़ी केन्द्रों समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की वर्तमान स्थिति का भौतिक आकलन करते हुए आवश्यक योजनाओं को पारित किया जाएगा। इसके साथ ही पारदर्शिता के लिए ग्राम सभा में पारित सभी योजनाओं की ‘कार्यवाही पंजी’ (मिनट्स रजिस्टर) का संधारण अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
अफसरों की जिम्मेदारी तय; डीडीसी अमरेन्द्र कुमार सिन्हा बने समग्र प्रभारी
इस महा-अभियान के सफल और निष्पक्ष संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा जिले के वरीय पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO), अंचल अधिकारियों (CO) एवं पंचायत सचिवों की कड़ी जिम्मेदारी तय की गई है। सभी पंचायत सचिवों को कड़ा निर्देश दिया गया है कि वे ग्राम सभा के आयोजन से पूर्व गांवों में ढोल-नगाड़े, लाउडस्पीकर और माइकिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार (पब्लिसिटी) कराना सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों की उपस्थिति और सहभागिता इस लोकतंत्र के जमीनी पर्व में हो सके।
जिले की कुल 154 पंचायतों के सफल निरीक्षण के लिए विशेष जांच दलों का गठन किया गया है। जिला स्तरीय पदाधिकारी सीधे पंचायतों में जाकर औचक निरीक्षण करेंगे और कार्यक्रम की लाइव मॉनिटरिंग करेंगे। पूरे जिले में इस भव्य कार्यक्रम के समग्र प्रभार की जिम्मेदारी उप विकास आयुक्त-सह-सदस्य सचिव, DMFT श्री अमरेन्द्र कुमार सिन्हा को सौंपी गई है।
21 मई को प्रखंडवार आयोजित होने वाले शिविरों का पूरा शेड्यूल:
आगामी 21 मई 2026 को चतरा जिले के सभी प्रखंडों की निम्नलिखित चयनित पंचायतों में विशेष ग्राम सभा सह शिविर का आयोजन किया जाएगा:
चतरा प्रखंड: लेंम, जांगी, गंधरिया, ब्रह्मणा, बरैनी, दरियातु, देवरिया एवं मोकतमा पंचायत।
गिद्धौर प्रखंड: गिद्धौर, बारिसाखी एवं मंझगांवा पंचायत।
हंटरगंज प्रखंड: जोलडीहा, गेरूआ, औरू, बलूरी, डाहा, लेंजवा, दंतार, पैनीकला एवं कटैया पंचायत।
प्रतापपुर प्रखंड: घोड़दौड़, एघारा, सिजूआ, हुमाजांग, भरही, योगियारा, टंडवा, रामपुर एवं प्रतापपुर पंचायत।
कुंदा प्रखंड: कुंदा, सिकिदाग, मरगड़ा, बैधाडीह एवं नवादा पंचायत।
लावालौंग प्रखंड: रिमी, सिलदाग, मंधनिया एवं लमटा पंचायत।
सिमरिया प्रखंड: जिरवाखुर्द, जांगी, डाडी, जबड़ा, चोपे, पगार, कसारी एवं ईचाक पंचायत।
इटखोरी प्रखंड: कोनी, परसौनी, धुना, इटखोरी, टोनाटांड़ एवं पितीज पंचायत।
मयूरहंड प्रखंड: कदगांवांकला, मयूरहंड, फूलांग, हुसिया एवं पेटादरी पंचायत।
कान्हाचट्टी प्रखंड: बैंगोकला, कैण्डीनगर, कोल्हैया, बकचुंबा एवं तुलबुल पंचायत।
पथलगड्डा प्रखंड: नावाडीह, बरवाडीह, सिंघानी, नोंनगांव एवं मेराल पंचायत।
टंडवा प्रखंड: राहम, मिश्रौल, गाड़ीलोंग, नावाडीह उर्फ तेलियाडीह, सराढू, कबरा एवं बचरा उत्तरी पंचायत।






















Total Users : 973258
Total views : 2737088