एसपी के निर्देश पर पुलिस ने चलाया विशेष अभियान; थाना परिसर में कागजातों के सत्यापन के बाद लौटाए गए कीमती फोन, मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे
हंटरगंज (चतरा) | न्यूज स्केल लाइव
चतरा पुलिस ने आम नागरिकों की सहूलियत और उनकी गुमशुदा संपत्तियों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। चतरा पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कुशल मार्गदर्शन और कड़े निर्देश के आलोक में हंटरगंज थाना पुलिस ने भारत सरकार के CEIR PORTAL (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) की मदद से तकनीकी अनुसंधान कर हंटरगंज थाना क्षेत्र से खोए हुए कुल 07 कीमती स्मार्टफोन को सकुशल बरामद कर लिया है।
बरामदगी के बाद सभी मोबाइल फोन के वैध स्वामियों और उनके दस्तावेजों का बारीकी से मिलान व सत्यापन किया गया। इसके बाद सोमवार को हंटरगंज थाना परिसर में आयोजित एक सादे कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO चतरा) संदीप सुमन, पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) विपिन कुमार एवं हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार द्वारा संयुक्त रूप से उनके स्वामियों को खोए हुए मोबाइल सौंपे गए।
इन्हें मिले अपने खोए हुए मोबाइल (मॉडल के साथ):
थाना परिसर में कागजातों की जांच के बाद निम्नलिखित नागरिकों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस देकर उनके चेहरों पर मुस्कान लौटाई गई:
अरविंद कुमार यादव (पिता- बधन यादव, ग्राम- पंचमुखी, थाना- हंटरगंज, चतरा) — Motorola G45
दिलीप यादव (पिता- मुंशी यादव, ग्राम- कुशमाही, थाना- हंटरगंज, चतरा) — Vivo Y29
विपिन यादव (पिता- राजदेव यादव, ग्राम- मुरली, थाना- हंटरगंज, चतरा) — Nothing 5G
शिवचरण प्रसाद (पिता- चुरामन, ग्राम- शाखा बाजार, थाना- बाराचट्टी, जिला- गया, बिहार) — CMF 5G
संजय कुमार मिश्रा (पिता- सुरेंद्र प्रसाद मिश्रा, ग्राम- पंतनगर, थाना- विष्णुपद, जिला- गया, बिहार) — Redmi Note 15
सुदर्शन महतो (पिता- स्वर्गीय राम लखन महतो, ग्राम- कोबना, थाना- कुंदा, जिला- चतरा) — Vivo 5G
पुलिस के प्रति जगा विश्वास, CEIR पोर्टल का हुआ व्यापक प्रचार
अपने खोए हुए और दोबारा मिलने की उम्मीद छोड़ चुके कीमती मोबाइल फोन को वापस पाकर मोबाइल स्वामियों में बेहद खुशी का माहौल देखा गया। लोगों ने चतरा पुलिस की इस कार्यशैली और मुस्तैदी की मुक्त कंठ से सराहना की।
इस सफल रिकवरी अभियान से न केवल आम जनता के बीच खाकी (पुलिस) के प्रति विश्वास और गहरा हुआ है, बल्कि भारत सरकार के CEIR पोर्टल की उपयोगिता का भी क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि मोबाइल खोने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल इसकी सनहा (डायरी) दर्ज कराकर सीईआईआर पोर्टल पर ब्लॉक करें, ताकि उसका दुरुपयोग न हो सके और पुलिस उसे आसानी से ट्रैक कर सके।




















Total Users : 971167
Total views : 2734304