पिंडारकोण गांव में दो अलग-अलग शादी समारोह बने चोरों का निशाना
गिद्धौर (चतरा)। थाना क्षेत्र के पिंडारकोण गांव में दो अलग-अलग विवाह समारोहों से अज्ञात चोरों ने डीजे साउंड मशीन चोरी कर ली। घटना के बाद पीड़ित डीजे संचालकों ने गिद्धौर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, पिंडारकोण गांव निवासी नीतीश कुमार गुप्ता के डीजे की दो मशीन तथा सरहेता गांव निवासी संतोष कुमार के डीजे की भी दो मशीन चोरी हो गई। बताया गया कि पिंडारकोण निवासी छतारी भुइंया एवं बनवारी साव के घर विवाह समारोह में मंडवा कार्यक्रम चल रहा था। सोमवार की रात करीब तीन बजे तक डांस कार्यक्रम चलता रहा।
इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद डीजे साउंड सिस्टम को खोलकर घर के गलियारे में सुरक्षित रख दिया गया। मंगलवार सुबह जब माइक की जरूरत पड़ी और संचालक साउंड सिस्टम के पास पहुंचे, तो देखा कि दोनों विवाह समारोहों से दो-दो मशीन गायब हैं। घटना के बाद काफी खोजबीन की गई, लेकिन मशीनों का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध थाना में आवेदन देकर चोरी की जांच और सामान बरामद करने की मांग की। बताया गया कि इस चोरी की घटना से दोनों डीजे संचालकों को मिलाकर लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। शादी के माहौल में हुई इस चोरी ने खुशी को चिंता में बदल दिया।






















Total Users : 936670
Total views : 2688148