रिश्तों का खौफनाक अंत, आरोपी गिरफ्तार
झारखंड के सिमडेगा जिले के पाकरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत केउन्दडीह बगीचाटोली गांव में बुधवार की रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पिता की धारदार कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इस जघन्य घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना 8 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 बजे की है। आरोपी विनोद केरकेट्टा (45) अपने पिता पात्रिक केरकेट्टा (65) के साथ घर में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
बताया जाता है कि गुस्से में आकर विनोद ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और अपने पिता के सिर व गर्दन पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से वृद्ध पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पाकरटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी विनोद केरकेट्टा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी और अवैध शराब की बिक्री को इस तरह की घटनाओं का कारण बताया है। लोगों ने प्रशासन से अवैध शराब पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।





















Total Users : 897070
Total views : 2632707