कोलकाता के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे जांच, मोतियाबिंद मरीजों का होगा मुफ्त ऑपरेशन
देवघर, ब्यूरो। देवघर में सामाजिक सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत कुम्हार टोली सेवा समिति एवं मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में 12 अप्रैल (रविवार) को नि:शुल्क नेत्र जांच सह चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक महिला विकास मंडल (जैन मंदिर के सामने गली) में आयोजित होगा। कुम्हार टोली सेवा समिति के व्यवस्थापक गोपाल राम मंडल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में कोलकाता से आए अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ मरीजों की आंखों की जांच करेंगे।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों को चश्मे की आवश्यकता होगी, उन्हें मौके पर ही नि:शुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं जिन मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाई जाएगी, उनका ऑपरेशन मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी हॉस्पिटल, कोलकाता में पूरी तरह नि:शुल्क कराया जाएगा। शिविर में भाग लेने के इच्छुक मरीजों को पहले से पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए कुम्हारटोली स्थित नरसिंह सिनेमा हॉल के सामने बने चिकित्सालय में कार्ड बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गोविन्द राम अग्रवाल, विष्णु दास मित्तल, सुभाष मुरारका सहित समिति के कई सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस नि:शुल्क शिविर का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि जरूरतमंदों को समय पर नेत्र उपचार मिल सके।






















Total Users : 894353
Total views : 2628781