महिलाओं को दी गई कानूनी जानकारी, हेल्पलाइन नंबर 181 के बारे में भी किया गया जागरूक
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत बारीसाखी पंचायत के गांव में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में डायन-बिसाही जैसी कुप्रथा के उन्मूलन को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अधिकार मित्र पवन कुमार के नेतृत्व में किया गया। शिविर के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं पुरुषों को बताया गया कि डायन-बिसाही एक गंभीर सामाजिक कुप्रथा है, जिसके खिलाफ कानूनी, सामाजिक एवं प्रशासनिक स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाती है। किसी भी व्यक्ति को डायन बताकर प्रताड़ित करना कानूनन अपराध है। इस अवसर पर झारखंड में लागू वर्ष 2001 के विशेष अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया गया कि दोषियों को कठोर दंड का प्रावधान है। साथ ही महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 181 के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाकर इस कुप्रथा को जड़ से समाप्त करना तथा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना था।






















Total Users : 869144
Total views : 2593364