“रिश्वत के खेल में रंगेहाथ पकड़ा गया कानून का रखवाला… और देखते ही देखते थाना परिसर में मच गया हड़कंप!”
कोडरमा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदवारा थाना में पदस्थापित दारोगा पवन कुमार राम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। हजारीबाग से आई एसीबी की टीम ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार चंदवारा थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले अवैध शराब को लेकर छापेमारी की गई थी। इस मामले को मैनेज करने और आरोपी पक्ष को राहत देने के नाम पर पुलिस की ओर से एक लाख रुपये की मांग की गई थी।
पीड़ित पक्ष इस मांग से परेशान था और मामले के समाधान की तलाश में था। बताया जाता है कि इस संबंध में पीड़ित ने जेकेएलएम के नेता प्रेम नायक को जानकारी दी। इसके बाद प्रेम नायक ने पूरे मामले की शिकायत हजारीबाग स्थित एसीबी कार्यालय में की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की, जिसमें रिश्वतखोरी की पुष्टि होने पर जाल बिछाया गया। टीम के निर्देशानुसार गुरुवार को दारोगा को 15 हजार रुपये रिश्वत देने की व्यवस्था की गई।
जैसे ही दारोगा पवन कुमार राम ने पीड़ित से पैसे लिए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उसे तुरंत रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि दारोगा थाना परिसर में बने अपने सरकारी क्वार्टर में ही रिश्वत ले रहा था। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम दारोगा को अपने साथ हजारीबाग ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है। एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें।






















Total Users : 841635
Total views : 2555083