न्यूज स्केल डेस्क
रांची/रामगढ़। शिबू सोरेन के पैतृक गांव रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा की माटी शनिवार 16 अगस्त 2025 को पुनः भावुक हो उठी। जब राज्य के कोनो-कोने के साथ देश के कई राज्यों से लोग दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि देने के लिए इस छोटे से गांव में पहुंचे। दिशोम गुरु के पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने श्राद्ध भोज में शामिल लोगों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान लाखों आगंतुकों ने अपने महानायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन को नमन कर सभी ने गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उनके अद्वितीय योगदान को याद किया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि आज दिशोम गुरु हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी अंत्येष्टि से संस्कार भोज तक में लाखों लोगों का शामिल होना, पूरे श्राद्ध कर्म के दौरान नेमरा आकर उनका हमारे साथ खड़े रहने की वजह से हमें और हमारे घर-परिवार को दुःख की इस घड़ी में काफी आत्मबल मिला। राज्य की जनता जिस तरह हमारे साथ हर पल मौजूद रही, वह यह बताने के लिए काफी है कि उनका ‘बाबा’ से कितना गहरा लगाव था। ‘बाबा’ भले ही हमें हमेशा-हमेशा के लिए छोड़ गये, लेकिन, इस राज्य के मार्गदर्शक एवं पथ प्रदर्शक के रूप में वे सदैव याद रखे जायेंगे।
दिशोम गुरु के संस्कार भोज में अनेक अति विशिष्ट एवं विशिष्ट मेहमानों के साथ लाखों आमजन शामिल हुए। इनमें झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सहित कई मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण, पूर्व मंत्री, सांसद एवं पूर्व विधायकगण, पदाधिकारीगण तथा प्रबुद्धजन शामिल थे। राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी, डीजीपी अनुराग गुप्ता आदि प्रशासनिक अधिकारी भी गुरु जी के संस्कार भोज में शामिल हुए।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में मुकम्मल प्रशासनिक व्यवस्था रही। यहां योजनाबद्ध तरीके से सारी व्यवस्था की गयी, जिस वजह से आगंतुकों को असुविधा नहीं हुई। सुरक्षा के साथ भीड़ नियंत्रण की पुख्ता व्यवस्था थी। लोगों को जानकारी देने के लिए माइक से लगातार अनाउंसमेंट हो रहे थे। वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था थी।
संस्कार भोज में शामिल लोग दिशोम गुरु की जिंदगी और व्यक्तित्व की ही बातें करते दिखे। उनका कहना था कि उनका जीवन संघर्षों से भरा था, लेकिन उन्होंने संघर्ष को ही अपना हथियार बनाया। बाबा का पूरा जीवन इस राज्य की खातिर समर्पित रहा। वे एक तरफ त्याग और संघर्ष की मिसाल थे, तो दूसरी तरफ आदिवासी चेतना के वाहक. शोषण एवं अत्याचार के खिलाफ उलगुलान उनकी पहचान बनी, तो झारखंड आंदोलन के अग्रदूत भी थे। लोगों ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बना, तो यह उनके ही आंदोलन की देन है। वे एक कुशल नेतृत्वकर्ता तथा संगठनकर्ता थे।


















Total Users : 1283875
Total views : 3160366