
गिद्धौर(चतरा)। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार पांडेय को मिली गुप्त स्ूचना के आधार पर गिद्धौर थाना अंतर्गत सियारी (कटघरा) जंगल के समीप से पुलिस ने 7 किलो 316.6 ग्राम अफीम के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। तस्करों के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक मापताल मशीन, एक प्लास्टिक सील करने का मशीन, एक बाइक व एक स्क्रीन टच मोबाइल बरामद किया गया है। सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने शुभम खंडेलवाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी की सियारी जंगल के समीप बड़े पैमाने में अवैध अफीम की खरीद बिक्री होने वाला है। सूचना के आलोक में टीम का गठन कर छापेमारी कर तस्करों को अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार तस्करों में जिले के पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघानी निवासी चंद्रदेव दांगी का पुत्र मिथलेश कुमार, गिद्धौर उपरटोला निवासी सूरज दांगी का पुत्र चरित्र दांगी व राम लखन ठाकुर का पुत्र जितेंद्र ठाकुर शामिल है। रांची क्षेत्र से भी अफीम की बरामदगी की गई है। साथ ही पुलिस 6 और अन्य से अवैध अफीम के तस्करी को लेकर पूछ-ताछ कर रही है। छापेमारी में पुलिस निरीक्षक सनोज चौधरी, थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता व रांची पुलिस के कर्मी शामिल थे।