रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नई सीएम, पहले पार्षद, पहली बार बनी विधायक

0
415

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा के टिकट पर पहली बार शालीमार बाग से चुनाव जीतने वाली रेखा गुप्ता अब दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होगी। 19 फरवरी को भाजपा विधायक दल की बैठक में इनके नाम पर लगी मुहर। दिल्ली रामलीला मैदान में गुरुवार 20 फरवरी को भव्य शपथ ग्रहण समारोह में उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। राजनीति गलियारों में शुरू से ही इनके नाम की चर्चा जोरों पर थी। ज्ञात हो कि दिल्ली सीएम के रुप में दिवंगत और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज कभी दिल्ली की मुख्यमंत्री भी रहीं, उनके बाद भाजपा से श्रीमती गुप्ता दूसरी महिला मुख्यमंत्री बने जा रहीं हैं।

सीएम चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “मुझ पर विश्वास कर मुख्यमंत्री पद का दायित्व सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। आपके इस विश्वास और समर्थन ने मुझे नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। मैं संकल्प लेती हूं कि दिल्ली के हर नागरिक के कल्याण, सशक्तिकरण और समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से कार्य करूंगी। दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए मैं पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।”

रेखा गुप्ता ने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से पढ़ाई के दौरान ही छात्र राजनीति में कदम रखा। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ी रहीं और 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष बनीं, जहां उन्होंने छात्रों के मुद्दों को सक्रिय रूप से उठाया। साल 2007 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुने जाने के बाद, उन्होंने क्षेत्र में पुस्तकालय, पार्क और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाओं के विकास पर काम किया।

वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से भी जुड़ी रही हैं। महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए, उन्होंने “सुमेधा योजना” जैसी पहल शुरू की, जिसने आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायता की। महिला कल्याण और बाल विकास समिति की प्रमुख के रूप में, उन्होंने महिलाओं के लिए सशक्तिकरण अभियान का नेतृत्व किया। रेखा गुप्ता दिल्ली में भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और इसकी राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की सदस्य भी रह चुकी हैं।

जाने रेखा गुप्ता को

रेखा गुप्ता का जन्म जींद जिले के जुलाना उपमंडल के नंदगढ़ गांव में 1974 में हुआ था। वो दो साल की थीं, तो उनके पिता की नौकरी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर में हुई। इसके बाद वे दिल्ली चले गए और 1976 में पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया। उसके बाद रेखा गुप्ता की पूरी शिक्षा दिल्ली में हुई। इसी दौरान वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ीं और राजनीति में सक्रीय हुईं। श्रीमती गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय की सचिव व प्रधान भी रहीं। हालांकि, अब उनके परिवार के लोग जुलाना की अनाज मंडी में आढ़त का काम करते हैं। रेखा गुप्ता उम्र 50 वर्ष भाजपा के टिकट पर पहली बार शालीमार बाग से विधायक बनी हैं। वर्ष 2022 में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से आईएमआईआरसी कॉलेज ऑफ लॉ भैना गाजियाबाद से एलएलबी की। विधायक बनने से पहले पार्षद, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की पूर्व महासचिव और अध्यक्ष हैं, पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य और पार्टी की दिल्ली राज्य इकाई की महासचिव रहीं हैं। पति मनीष गुप्ता हैं और पेशा वकालत हैं।