तिरू फॉल में डूबने से 3 छात्रों की मौत, चीखने-चिल्लाने लगे लोग

0
577

न्यूज स्केल डेस्क
रांची। राजधानी रांची के तिरू फॉल में शुक्रवार को बड़ा हदसा हो गया। फॉल में नहाने गये तीन छात्रों की डूबने से मौत हो गयी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी पिकनिक मनाने पहुंचे थे। तीनों छात्रों का शव फाल से रिकवर कर लिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। ज्ञात हो कि तिरू फॉल रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र में है। मृतकों की शिनाख्त आशीष कुमार, अंकुर कुमार और दीपक गिरी के रुप में हुई है। आशीष और अंकुर सगे भाई थे और रांची के हेहल निवासीे पद्मलोचन दास के बेटे थे। वहीं, दीपक चान्हो करकट गांव निवासी अशोक गिरी का बेटा था। सभी की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच है। तीनों इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे थे। जानकारी के अनुसार नव वर्ष पर तिरू फॉल में पर्यटकों का आना जाना लगा हुआ है। आशीष कुमार, अंकुर कुमार और दीपक गिरी भी शुक्रवार को पिकनिक मनाने तिरू फॉल पहुंचे थे। तीनों लड़के नहाने के लिए एक साथ पानी में उतरे और अचनाक सभी डूबने लगे। तीनों को डूबता देख मौके पर मौजूद अन्य लोग बचाने के लिये चीखने-चिल्लाने लगे। तो चीख सुन मौके पर मौजूद स्थानीय गोताखोर पानी में छलांग लगाए, काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला गया। तब तक सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। तीनों छात्रों को जल्दबाजी में पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनो को मृत घोषित कर दिया। दुसरी ओर तीनों की मौत की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मृतकों के घरों में कोहराम मच गया।