सिमरिया (चतरा)। बेहतर स्वास्थ्य के लिए मोटे अनाजका सेवन बहुत जरूरी है। उक्त बातें बुधवार को सिमरिया प्रखंड कार्यालय के नजदीक कृषि तकनीकी सूचना केंद्र में आयोजीत प्रखंड स्तरीय कृषि कार्यशाला में प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद ने कही। कार्यशाला में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने किसानों को संबोधित करते हुए धान अधिप्राप्ति, मोटे अनाज की खेती, प्रधानमंत्री सिंचाई योजना, किसान समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री सॉइल हेल्थ कार्ड योजना, मोटे अनाज की खेती के बारे में किसानों को विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में सिमरिया प्रमुख सोहन साव ने कहा कि क़ृषि विभाग से प्राप्त होने वाले बीज हर हाल में क़ृषि में प्रयोग करने की बात कही। ताकि डेमोंस्ट्रेशन का कार्य सफलता पूर्वक हो सके। साथ हीं मृदा जांच एवं जैविक खेती के स्वयं से किये जाने वाले जांच के बारे में भी कृषकों को बताया गया। वहीं कार्यक्रम का संचालन करते हुए बीटीएम राजेश कुमार द्वारा भी कीटनाशी के प्रयोग के बारे में किसानों को बताया गया। बैठक सह कार्यशाला में हुरनाली मुखिया, पौधा संरक्षक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, कृषक मित्र, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित थे।