न्यूज स्केल डेस्क
रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में सत्ताधारी गठबंधन जेएमएम-कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद पुनः लगातार दुसरी बार राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में नई सरकार बनने जा रही है। झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार का 5 दिसंबर को विस्तार होगा। राजभवन में मंत्रियों की लिस्ट फाइनल हो गई है। गुरुवार दोपहर 12.00 बजे राजभवन में ही शपथ ग्रहण समारोह होगा। आरजेडी कोटे से संजय यादव को मंत्री बनना तह है। संजय यादव गोड्डा से विधायक हैं और आरजेडी विधायक दल का नेता सुरेश पासवान को बनाया गया है।
वहीं जेएमएम की बात करें तो मंत्री पद के लिए रामदास सोरेन, दीपक बिरुआ, हफीजुल हसन और मथुरा महतो का नाम शामिल है। इसके अलावे जामा विधायक लुईस मरांडी और भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव का नाम भी रेस में शामिल है।
कांग्रेस कोटे से तीन के मंत्री बनने की संभावना है। इसमें क्षेत्रीय, जातीय और महिला समीकरण का भी ध्यान रखा गया है। साथ ही नए चेहरों को भी मौका देने के साथ ही पुराने चेहरों पर भी विचार हुआ है। पुराने में रामेश्वर उरांव, दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी, तो नए में जय मंगल सिंह, रामचंद्र सिंह, ममता देवी, नमन विक्सल कोंगाड़ी की चर्चा है।
झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन ने 28 नवंबर को शपथ ली थी। 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में इंडिया गठबंधन को विधानसभा चुनाव 2024 में 56 सीटें मिलीं है। वहीं एनडीए को 24 सीटें मिलीं है। कैबिनेट की पहली बैठक में 9-12 दिसंबर तक विधानसभा सत्र बुलाने का निर्णय किया गया है।