राज्यपाल से मिलकर हेमंत सोरेन ने सरकार बनाने का किया दावा पेश, 28 को सीएम लेंगे शपथ, हेमंत को नियुक्त किया गया मनोनीत मुख्यमंत्री

0
805

न्यूज स्केल डेस्क
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को झारखंड राजभवन पहुंच कर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया। 28 नवंबर 2024 को सीएम पद की श्री सोरेन लेंगे शपथ। ज्ञात हो कि झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में इंडिया गठबंधन ने 56 सीटों पर जीत दर्ज की है।

हेमंत सोरेन को राज्यपाल ने नियुक्त किया मनोनीत मुख्यमंत्री

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजभवन में भेंट की और उन्हें त्यागपत्र सौंपा। राज्यपाल ने उनका त्यागपत्र स्वीकार कर कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था के गठन तक अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहें। इसके बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) एवं भाकपा (माले) के शिष्टमंडल ने राजभवन में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में सरकार गठन के लिए निर्वाचित विधायकों का समर्थन पत्र समर्पित किया। उसके बाद राज्यपाल ने हेमंत सोरेन को झारखंड का मनोनीत मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए उन्हें सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया।

इंडिया गठबंधन की मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में प्रचंड जीत के बाद रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में इंडिया गठबंधन की बैठक हुई। जिसमें झामुमो, कांग्रेस, राजद और भाकपा माले के नवनिर्वाचित विधायक शामिल हुए। झारखंड विधानसभा चुनाव में इस बार इंडिया गठबंधन ने पिछले चुनाव के मुकाबले शानदार प्रदर्शन करते हुए 56 सीटों पर जीत हासिल की है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 34 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस को 16 सीटों पर जीत दर्ज की है। राष्ट्रीय जनता दल ने चार सीटें व भाकपा माले ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है।