
चतरा। विधानसभा चुनाव 2024 में चतरा विधानसभा क्षेत्र की जनता ने लोजपा प्रत्याशी जनार्दन पासवान को तीसरी बार विधायक बनने को मौका दिया है। वहीं चतरा से लोजपा प्रत्याशी के जीत के साथ झारखंड में पार्टी की इंटरी भी हो चुकी है। इसके पूर्व श्री पासवान दो बार विधायक रह चुके हैं। पहली बार 1995 में जनता दल से भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह भोगता को 19,455 वोट से हरा कर विधाय बने थे। उसके बाद वर्ष 2009 के विधानसभा चुनाव में राजद से चुनाव लड़े और भाजपा प्रत्याशी सुबेदार पासवान को हराकर विधायक बने थे। उसके बाद 2014 व 2019 में लगातार चुनाव हारे। अबकी 2024 के विधानसभा चुनाव में जनता ने उन्हें आशीर्वाद देकर चतरा विधानसभा का तीसरी बार विधायक बनाया। ज्ञात हो कि चतरा विधानसभा क्षेत्र 1952 में अस्तित्व में आया और पहली बार स्वतंत्रता सेनानी सुखलाल सिंह विधायक बने थे। 1957 में राजा कामाख्या नारायण सिंह विधायक बने थे। इस बीच कई विधायक बने और बाद में चतरा सीट आरक्षण के कोटे में चला गया। वर्ष 2000 में भाजपा से सत्यानंद भोक्ता ने राजद के जनार्दन पासवान को पराजित कर विधायक बने थे। झारखंड बनने के बाद वर्ष 2005 में राज्य में पहला विधानसभा चुनाव हुआ। जिसमें भाजपा के सत्यानंद भोक्ता दूसरी बार राजद के जनार्दन पासवान को हराकर विधायक बने। वहीं वर्ष 2009 के चुनाव में राजद के जनार्दन पासवान विधायक चुने गये, वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा के जयप्रकाश सिंह भोक्ता व 2019 के चुनाव में सत्यानंद भोक्ता राजद की टीकट पर चुनाव लकर विधायक बनने के बाद राज्य सरकार में मंत्री बने।