वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अलका तिवारी ने नए मुख्य सचिव का लिया पदभार, शीर्ष पदाधिकारियों ने किया स्वागत, नवनियुक्त सीएस ने कहा सरकार की प्राथमिकता ही मेरी प्राथमिकता

0
333

न्यूज स्केल डेस्क
रांची। 1988 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अलका तिवारी ने शनिवार को झारखंड के मुख्य सचिव का पदभार ग्रहणकिया। वे झारखंड की तीसरी महिला मुख्य सचिव हैं। इनसे पूर्व लक्ष्मी सिंह और राजबाला वर्मा राज्य की मुख्य सचिव रह चुकी हैं। पदभार ग्रहण कर नई सीएस ने कहा कि जनहित में काम करना उनकी प्राथमिकता होगी। पदभार ग्रहण करने पर डीजीपी अजय कुमार सिंह समेत अन्य सभी शीर्ष अधिकारियों ने मुलाकात कर स्वागत करने के साथ उन्हें बधाई दी।

नयी सीएस अलका तिवारी ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर फिलहाल राज्य में मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू है। इसलिए मुख्य सचिव के पद पर रहकर प्राथमिकता बताना उचित नहीं है। जैसे ही नयी सरकार का गठन हो जाता है। जनहित में काम करना ही उनकी प्राथमिकता होगी। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जैसे ही राज्य में नयी सरकार का गठन हो जाएगा, वह नयी सरकार की योजनाओं की प्राथमिकता के अनुसार काम करेंगी।

अलका तिवारी एल खियांग्ते की सेवानिवृत्ति के बाद बनी नयी मुख्य सचिव

आईएएस अधिकारी अलका तिवारी झारखंड की नयी मुख्य सचिव एल खियांग्ते की सेवानिवृत्ति के बाद बनायी गयीं। झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 से पहले राज्य को नयी मुख्य सचिव मिली हैं। 31 अक्टूबर 2024 को झारखंड के मुख्य सचिव पद से एल खियांग्ते रिटायर हो गए। राज्य सरकार ने एल खियांग्ते के तीन महीने के एक्सटेंशन (सेवा विस्तार) के लिए चुनाव आयोग को प्रस्ताव भेजा था, लेकिन इस संदर्भ में आदेश नहीं आया। इनकी जगह वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अलका तिवारी नयी मुख्य सचिव बनायी गयीं।

अलका तिवारी झारखंड कैडर की आईएएस अफसर हैं और वह गुमला और लोहरदगा की उपायुक्त रह चुकी हैं। ये राज्य की तीसरी महिला मुख्य सचिव बनी हैं। इनके पति डॉ. डीके तिवारी 1986 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं। वे भी झारखंड के मुख्य सचिव व राज्य निर्वाचन आयुक्त रह चुके हैं।