
न्यूज स्केल डेस्क
रांची। 35 प्रत्याशियों की पहली सूची झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जारी करने के बाद, छह और उम्मीदवारों की दुसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी द्वारा जारी दुसरी सूची में रांची से महुआ माजी, खूंटी से स्नेहलता कंडुलना, गोमिया से योगेंद्र प्रसाद, चक्रधरपुर से सुखराम उरांव, सिसई से जिगा सुसारण ह़ोरो और बिशुनपुर से चमरा लिंडा को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि अन्य विधानसभा क्षेत्र के अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जल्द ही जारी की जाएगी। झामुमो ने ऐसे में कुल 41 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं, जबकि राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सरायकेला और जामा सीट से प्रत्याशियों की घोषणा होना अबतक बाकी है।
सरायकेला विस से चंपई सोरेन पूर्व में झामुमो की ओर से चुनाव लड़ते रहे हैं। उनके भाजपा में जाने के बाद उक्त सीट पर झामुमो ने कद्दावर प्रत्याशी को उतारने की तैयारी में है, जो उन्हें चुनाव में टक्कर दे सके। इस योजना के तहत भाजपा से गणेश महली और बास्को बेसरा का झामुमो में प्रवेश हो चुका है। दोनों में से एक को पार्टी चुनाव मैदान में उतार सकती है। संताल परगना की जामा सीट पर भी पार्टी ने अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। इस सीट पर सीता सोरेन झामुमो के प्रत्याशी के तौर पर जीत दर्ज करती रहीं हैं।
सूत्रों की माने तो उनके भाजपा में शामील होने के बाद यहां से मजबूत प्रत्याशी की तलाश चल रही है। भाजपा की लुईस मरांडी को पार्टी यहां से प्रत्याशी बना सकती है। फिलहाल झामुमो स्थानीय नेताओं से विमर्श पूरा करने के बाद प्रत्याशी की घोषणा करने के पक्ष में है। लोकसभा चुनाव के दौरान बगावत करने वाले चमरा लिंडा को भी पार्टी ने टिकट दिया है। चमरा ने पार्टी के खिलाफ जाकर लोकसभा चुनाव में लोहरदगा से बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव लड़ा था। उन्हें दल ने निलंबित कर दिया था। पर कुछ दिन पूर्व हेमंत सोरेन ने उन्हें बुलाकर फिर से जिम्मेदारी सौंपी।