
न्यूज स्केल सोशल डेस्क
दिल्ली। भारतीय चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव की तारीखों का ऐलान मंगलवार दोपहर बाद कर दिया है। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 20 नवंबर को व झारखंड की 81 सीटों के लिए दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को मतदान होंगे। जबकी 23 नवंबर को नतीजे आयेंगे।
केंद्रीय चुनाव आयोग ने प्रेस कांफ्रेंस कर झारखंड और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि झारखंड में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहला चरण 13 नवबंर और दूसरा 20 नवंबर को होगा। झारखंड में एक साथ 23 नवंबर को मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि झारखंड में 81 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होगा। इसमें सामान्य 44, एसटी 28 और एससी 9 सीटें हैं। झारखंड विधानसभा चुनाव में 2.6 करोड़ से ज्यादा मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। कुल 20281 क्षेत्रों में 29562 पोलिंग स्टेशन बनेंगे। शहरी क्षेत्रों में 5042 और ग्रामीण क्षेत्रों में 24520 मतदान केंद्र होंगे।
महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव एक चरण में 20 नवंबर को तथा मतगणना 23 नवंबर को की जाएगी। 288 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 145 सीटों का है। गौरतलब है कि राज्य में वर्तमान में चल रही 14वीं विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को खत्म होना है। मंगलवार को चुनाव आयोग द्वारा राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीख के ऐलान के साथ ही पूरे राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ो के अनुसार महाराष्ट में कुल मतदाता 9.63 करोड़ है। इनमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 4.97 करोड़ हैं एवं महिला मतदाताओं की संख्या 4.66 करोड़ है। इस बार 18 से 19 साल की आयु के पहली बार के मतदाताओं की संख्या 20.93 लाख है। 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 12.43 लाख है। वहीं इस बार थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 6031 है। वहीं राज्यभर में 1,00,186 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। जिसमें 42604 मतदान केंद्र शहरी व 57582 ग्रामीण क्षेत्रों में क्षेत्रों में होंगे।