सीएम ने सांसद कालीचरण सिंह व गुवा गोलीकांड के शहीद के वंशज दुरगुरिया सिरका के स्वास्थ्य की ली जानकारी

0
693

न्यूज स्केल डेस्क
रांची। सोमवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रिम्स रांची पहुंचकर चतरा सांसद कालीचरण सिंह व गुवा गोलीकांड के शहीद के वंशज दुरगुरिया सिरका से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही मुख्यमंत्री ने रिम्स प्रबंधन को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।

सांसद कालीचरण सिंह के स्वास्थ्य की ली जानकारी

सीएम हेमंत सोरेन ने रिम्स के कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट में इलाजरत चतरा सांसद कालीचरण सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ उनसे बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने सांसद के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। ज्ञात हो कि सांसद श्री सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल चतरा से रांची रिम्स रेफर किया गया था।

गुवा गोलीकांड के शहीद के वंशज दुरगुरिया सिरका के स्वास्थ्य की भी ली जानकारी

मुख्यमंत्री ने रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती गुवा गोलीकांड के शहीद के वंशज पश्चिमी सिंहभूम जिले के नुवामुंडी निवासी दुरगुरिया सिरका के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली और उनका हालचाल जाना। साथ ही दुरगुरिया सिरका के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का रिम्स प्रबंधन को सीएम ने दिया निर्देश

मुख्यमंत्री ने रिम्स में इलाजरत अन्य मरीजों से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि रिम्स प्रबंधन पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराए। सीएम ने उपस्थित चिकित्सकों को सभी मरीजों का बेहतर इलाज एवं जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।