धू-धू कर जला 70 फीट का रावण, मुख्यमंत्री संग केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री व विधायक हुए शामिल, श्री राम, माता जानकी सीता, लक्ष्मण और हनुमान को तिलक लगाकर उतारी आरती

0
596

न्यूज सकेल डेस्क
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में विजयदशमी का त्योहार धूमधाम से शनिवार को मनाया गया। इस अवसर पर ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में बुराई के प्रतीक रावण का पुतला दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष पंजाबी हिंदू बिरादरी रांची की ओर से रावण दहन के लिए 70 फीट ऊंचा रावण का पुतला बनाया गया था, जिसका दहन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया।

सजा राम दरबार

मोरहाबादी में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में पहले राम दरबार सजा। जिसमें मुख्य अतिथि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भगवान श्री राम, माता जानकी सीता, लक्ष्मण और हनुमान को तिलक लगाकर आरती उतारी। मुख्यमंत्री के बाद केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, रांची के विधायक सीपी सिंह ने भी आरती उतारी।

अतिथियों का पंजाबी हिंदू बिरादरी ने किया स्वागत

इसके बाद सर्वप्रथम मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाने के साथ चुनरी ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया। इसके बाद केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह का भी स्वागत किया गया। स्वागत के उपरांत रामलीला का संक्षिप्त मंचन हिुआ, जिसमें रावण वध की झांकी दिखाई गई।

मुख्यमंत्री ने रांची और झारखंड के लोगों को दशहरा की दी शुभकामनाएं

इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची और झारखंड प्रदेश के सभी लोगों को दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रावण दहन से राज्य और देश को ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान से एक संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह संदेश देता है कि असत्य पर हमेशा सत्य की विजय होती है। श्री सोरेन ने आगे कहा कि भगवान श्रीराम ने एक संदेश दिया था। आज भी वह संदेश ब्रह्मांड में गूंज रहा है। हमें रावण दहन के अवसर पर इस बात का संकल्प लेना होगा कि हम भगवान श्रीराम के आदर्शों का पालन करें।

रावण दहन से पहले हुई शानदार आतिशबाजी, पहले कुंभकर्ण का हुआ दहन

इससे पहले 5 मिनट से अधिक देर तक शानदार आतिशबाजी हुई। वहीं रावण दहन से पहले भगवान हनुमान ने सोने की लंका का दहन की। इसके बाद रांची के विधायक सीपी सिंह ने मेघनाद के पुतले का दहन किया। फिर रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कुंभकर्ण और सबसे अंत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में मौजूद लोगों ने जय श्री राम के नारे लगाए. पंजाबी हिंदू बिरादरी रांची के अध्यक्ष ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम के समापन के बाद दशहरा कमेटी के अध्यक्ष ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

मुख्यमंत्री ने रावण का फूंका पुतला, कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से मोहा दिल

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में वर्षों से चली आ रही परंपरा का निर्वहन करते हुए रावण का पुतला फूंककर अन्याय पर न्याय की जीत का संदेश दिया। इस अवसर पर लंका दहन तथा कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के पुतले फूंके गए। वहीं, लोक कलाकारों ने भव्य रामदरबार दर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सभी का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री ने भगवान राम, लक्ष्मण एवं सीता माता का रूप धारण किए कलाकारों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर आतिशबाजी का मनभावन नजारा भी दिखा।

मोरहाबादी मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में सीएम, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री, विधायक सीपी सिंह के साथ पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, पंजाबी-हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी के अध्यक्ष सुधीर उग्गल एवं दशहरा कमेटी के अध्यक्षकुणाल अजमानी, पंजाबी-हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी के उपाध्यक्ष रणदीप आनंद सहित अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।