परिवर्तन महारैली में शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 83 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की जनजातीय कल्याण और विकास परियोजनाओं का ऑनलाइन शुभारंभ, लोकार्पण और शिलान्यास देशवासियों के लिए किया, कहा आदिवासियों के उत्थान के लिए लाया पीएम जनमन योजना

0
407

न्यूज स्केल डेस्क
रांची/हजारीबाग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 02 अक्टूबर 2024 को झारखंड के हजारीबाग में 83,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और शुभारंभ किया। दोपहर 1ः10 बजे विशेष विमान से वह रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से हजारीबाग पहुंचे। पीएम मोदी का यह दौरा 17 दिनों में दूसरी बार है, जब वह झारखंड आए हैं, इससे पहले वे 15 सितंबर को जमशेदपुर पहुंचे थे। जनजातीय समुदायों के लिए शैक्षिक बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए, प्रधानमंत्री ने यहां 40 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) का उद्घाटन किया और 2,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 25 ईएमआरएस की आधारशिला रखी।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह पहल 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 549 जिलों और 2,740 ब्लॉकों के लगभग 63,000 गांवों को कवर करेगी, जिससे 5 करोड़ से अधिक आदिवासी लोगों को सीधे लाभ होगा। प्रधानमंत्री ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान योजना का भी शुभारंभ किया, जिसका कुल व्यय 79,150 करोड़ रुपये से अधिक है।

प्रधानमंत्री मोदी हजारीबाग के मटवारी गांधी मैदान में आयोजित भाजपा के परिवर्तन महारैली में शामिल हुए। जहां प्रधानमंत्री ने जोहार कहकर संबोधित करते हुए कहा कि हमारा आदिवासी समाज तभी आगे बढ़ेगा जब आदिवासी युवाओं को अच्छी शिक्षा का अवसर मिलेगा। आज हमारी सरकार आदिवासी इलाकों में 40 एकलव्य स्कूल का शिलान्यास करने जा रही है, ताकि हमारे जनजातीय समाज को बेहतर शिक्षा मिले। पीएम मोदी ने कहा कि एक बार फिर मुझे यहां आने का सौभाग्य मिला। कुछ दिन पहले मैं झारखंड आया था। वहां से मैंने बड़ी संख्या में लोगों को आवास दिया। आज मैं यहां से फिर जनजातीय ग्राम योजना की शुरुआत करने जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का मानना था कि भारत का विकास तभी हो सकता है कि जब आदिवासियों का विकास होगा।
परिवर्तन महारैली में प्रधानमंत्री ने झारखंड के पिछड़ेपन के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के गठबंधन से चल रही हेमंत सोरेन सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इस सरकार के हटने के बाद ही राज्य का विकास हो सकता है। भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी इस सरकार ने आदिवासियों के साथ-साथ युवाओं को भी ठगा है। बीजेपी की सरकार बनेगी तो रोटी, बेटी और माटी की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी। बीजेपी के कारण ही एसटी, एससी, ओबीसी का आरक्षण सुरक्षित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर बरसते हुए कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए झारखंड में नया वोट बैंक तैयार किया जा रहा है। झारखंड की बलि चढ़ाकर वोट बैंक का खेल खेला जा रहा है। इस खेल का सबूत है संताल परगना। वहीं कांग्रेस पर हमलावर होते पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का चरित्र ही दलित, वंचित, आदिवासी विरोधी है। इन्होंने ऐसी नीतियां बनाई थीं, ऐसे सरकार चलाई थी कि एसी, एसटी व ओबीसी के लोग आगे न बढ़ पाएं। यही वजह है कि कांग्रेस हमेशा एसी, एसटी व ओबीसी के आरक्षण का विरोध करती रही है। आज भी कांग्रेस आरक्षण को खत्म करने की बात कर रही है। आरक्षण छीनकर कांग्रेस, अपने खास वोट बैंक को देना चाहती है।

पीएम ने कहा आदिवासी नायकों को पूरा सम्मान दिला रही बीजेपी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि झारखंड की धरती ने जनजातीय संस्कृति को संजोया है. झारखंड के साथ बीजेपी और उनका एक विशेष रिश्ता बन गया है। झारखंड उन्हें बार-बार बुलाता है और वे बार-बार दौड़े चले आते हैं। उनकी सरकार आदिवासी नायकों को पूरा सम्मान दिला रही है. भाजपा ने आदिवासी म्यूजियम बनाने का अभियान शुरू किया. रांची में भगवान बिरसा मुंडा को समर्पित म्यूजियम बना है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की गयी है।

वहीं विनोवा भावे विश्वविद्यालय में सभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि अति पिछड़ी आदिवासी भाई-बहनों तक लाभ पहुंचाना पीएम जनमन योजना का उद्देश्य है. इस अभियान से देश के गरीबों को पीएम आवास, अच्छी शिक्षा, आदिवासी गांव में सड़क, हर घर में शुद्ध पेयजल पहुंचाना, स्वास्थ्य की समुचित व्यवस्था कराना समेत सुदूर गांवों का चहुमुखी विकास होगा. यह योजना आदिवासी समाज के उत्थान के लिए है। आज महात्मा गांधी बापू की जयंती है। उनका सोच था कि गांव का विकास तभी होगा जब देश के आदिवासी जनजातीय का तेजी से विकास होगा। उनकी सोच को आगे बढ़ाते हुए गांधी जयंती के अवसर पर पूरे देश के आदिवासी के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की शुरुआत की गयी। इस अभियान के तहत देश के 550 जिलों के आदिवासियों के सामाजिक व आर्थिक जीवन को बेहतर बनाने का काम किया जायेगा। इसका फायदा झारखंड प्रदेश के आदिवासियों को भी होगा। पीएम जनमन योजना के जरिये देश के उन आदिवासी इलाकों में विकास पहुंच रहा है, जिसे पिछली सरकारों ने कभी पूछा तक नहीं था. इस योजना के तहत मोबाइल कनेक्टीविटी से भी जोड़ने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने कहा कि आदिवासी युवाओं को अच्छी शिक्षा मिले, इसलिए 2500 नये एकलव्य विद्यालय खोले जायेंगे। सही तरीके से प्रयास हमारे सरकार के द्वारा किया जा रहा है।

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि पीएम जनमन अभियान देश के लिए अभूतपूर्व योजना है। पहले आदिवासियों के विकास के लिए बजट पारित होता था, लेकिन गांव स्तर पर काम नहीं होता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लायी गयी पीएम जनमन योजना से देश के लक्षित गांव के आदिवासियों को सीधे लाभ मिलेगा। उसकी सामाजिक, आर्थिक व शैक्षणिक स्थिति में सुधार होगा। झारखंड के पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मु को राष्ट्रपति बनाकर देश के आदिवासियों को सम्मान पहुंचाने का काम किया है। मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद संजय सेठ, दुर्गादास पुलके मौजूद थे।