
न्यूज स्केल संवाददाता
चतरा। मंगलवार को लोकसभा चुनाव 2024 के चतरा लोकसभा से भाजपा त्याशी कालीचरण सिंह ने दो लाख से अधिक मतों से जीत दर्ज की। चतरा लोकसभा के सांसद बनने के बाद श्री सिंह ने अपने हाथों से भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जीत के लड्डू का वितरण किया। इस दौरान श्री सिंह नें पत्रकारों से कहा कि यह जीत चतरा लोकसभा के जनता व पार्टी कार्यकर्ताओं की है, मैं तो केवल निमित्त मात्र हूं। उन्होंने मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि चतरा संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उसे बखूबी निभाने का का प्रयास करूंगा। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार भाजपा प्रत्याशी कालीचरण सिंह ने दो लाख 25 हजार 494 वोटों से इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी केएन त्रिपाठी को करारी शिकस्त दी। बीजेपी प्रत्याशी को 05 लाख 66 हजार 658 मत व कांग्रेस प्रत्याशी को 03 लाख 41 हजार 164 वोट मिले। हालांकी जीत की आधिकारिक पुष्टि की औपचारिकता बाकी थी, समाचार लिखे जाने तक।