नशा उन्मूलन को लेकर चलाया गया जागरुकता अभियान
न्यूज स्केल संवाददाता
सिमरिया(चतरा)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तारकेश्वर दास के निर्देश पर रविवार को सिमरिया प्रखंड के जांगी में नशा उन्मूलन पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें विधिक कार्यकर्ता सुबोध कुमार शर्मा, उमेश प्रसाद एवं रंजन कुमार मिश्रा द्वारा नशापान से सामाजिक, आर्थिक, मानसिक एवं शारीरिक हानि से संबंधित जानकारी देते हुए बताया गया कि अधिकांश अपराध नशा सेवन के बाद ही होते हैं। नशा की आदत से छुटकारा पाने के लिए पुनर्वास केंद्र एवं नशा मुक्ति केंद्र की व्यवस्था सरकार ने की है। नशा का सेवन करने वाले व्यक्ति के परिवार की स्थिति ठीक नहीं रहती है। युवाओं में नशे की लत एक गंभीर समस्या बन गई है। देश में नशीली दवाओं का खतरा बढ़ गया है जो चिंता का विषय है। नशा का सेवन कर लोग कैंसर, टीबी, दमा आदि घातक बीमारी के भी शिकार हो रहे हैं। नौ से 10 वर्ष की किशोर भी नशा का सेवन कर रहे हैं। नालसा के द्वारा एक योजना तैयार की गई है जिसे नशा पीड़ितों को विधिक सेवाएं एवं नशा के उन्मूलन के लिए विधिक सेवाएं योजना 2015 है। लोगों को नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के साथ 8 जून को आयोजित होने वाले लोक अदालत के बारे में बताया गया।