न्यूज स्केल संवाददाता
मयूरहंड(चतरा)। मयूरहंड प्रखंड क्षेत्र के 57 बूथों पर लोकतंत्र के महापर्व में महिला मतदाताओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। लगभग बूथों पर सुबह सात बजे से ही महिलाओं की लम्बी लाइन लगी जो दोपहर तक लगी रही। वहीं नए मतदाताओं में पहली बार वोट देने को लेकर काफी उत्साह दिखा। मतदान केन्द्रों पर प्रखंड प्रशासन द्वारा पानी व छावं की व्यवस्था की गई थी। प्रखंड क्षेत्र के करमा मध्य विद्यालय बूथ पर 100 वर्षीय रामेश्वर यादव मतदान कर युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बने। वहीं मतदान प्रतिशत बढाने को लेकर प्रखंड प्रशासन काफी सजग दिखाई दिया। दिव्यांग, बुजुर्ग एवं दुरदराज के मतदाताओं को मतदान केन्द्रों तक वाहन से लाकर मतदान करवाया गया। सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बुथों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ क्षेत्र में वरीय पुलिस पदाधिकारी व दंडाधिकारी भ्रमण कर जायजा लेते रहे। परिणाम स्वरुप क्षेत्र में शांति पूर्ण मतदान संपन्न हुआ।