पुलिस की बड़ी कार्रवाई; अस्पताल के MD पर बिना प्रसव के फर्जी डिस्चार्ज टिकट और जन्म प्रमाण पत्र बनाने का आरोप; पहले गिरफ्तार हुईं तीन महिलाओं में मास्टरमाइंड शामिल; गर्भवती महिला को निःशुल्क इलाज का झांसा देकर बनाया गया था शिकार; 5 से 10 लाख रुपये में होता था बच्चों का सौदा
रायपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के सनसनीखेज मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई जारी है। आजाद चौक पुलिस ने एक डॉक्टर सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद इस मामले में कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गई है। गिरफ्तार किए गए नए आरोपियों में डॉ. खीर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा शामिल हैं।
इस पूरे रैकेट का खुलासा तब हुआ जब ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली एक गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव और बेहतर इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया। 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद जब महिला ने अपने बच्चे को बेचने से इनकार कर दिया, तो उसे डराया-धमकाया गया और बच्चे समेत बंधक बनाकर रखा गया। किसी तरह महिला आजाद चौक थाने पहुंची और पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है:
पहले चरण में गिरफ्तार तीन महिलाएं:
- कृतिका साहू (34) – रामकुंड, आमापारा, आजाद चौक थाना क्षेत्र, रायपुर (इसे गिरोह का मास्टरमाइंड माना जा रहा है)
- अहिल्या नामदेव (40) – सीतानगर, गोगांव, गुढ़ियारी थाना क्षेत्र, रायपुर
- गीतिका नाग (36) – भिलाई निवासी
दूसरे चरण में गिरफ्तार तीन अन्य आरोपी:
- डॉ. खीर सिंधु महानंद – दिवाकर अस्पताल, वसंत विहार, कुरकुरा (रायपुर) के प्रबंध निदेशक (MD)
- प्रकाश कुमार कौरव – पुरुष नर्स
- अश्वनी शर्मा – कौरव का सहयोगी
डॉक्टर की भूमिका: फर्जी दस्तावेजों का खेल
पुलिस के अनुसार, डॉ. खीर सिंधु महानंद की भूमिका इस पूरे रैकेट में सबसे अहम थी। वह नवजात शिशु के खरीदार (लाभार्थी) को अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। यह दस्तावेज आगे कृतिका साहू को दिया जाता था, जिसके जरिए नगर निगम में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाए जाते थे।
पूछताछ में डॉ. महानंद ने पुलिस को बताया कि उसने वर्ष 2026 में केवल तीन डिलीवरी होने की जानकारी दी, लेकिन उसके जरिए 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए थे, जो अपने आप में बड़ा संदेह पैदा करता है। पुलिस ने उसके कब्जे से प्रार्थिया के उपचार से जुड़े दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर भी जब्त किया है。
कैसे काम करता था गिरोह?
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह गरीब और अवैध संबंधों से गर्भवती हुई महिलाओं को निशुल्क प्रसव और बेहतर इलाज का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। डिलीवरी के बाद उनके नवजात बच्चों को 5 से 10 लाख रुपये में निःसंतान दंपतियों को बेच दिया जाता था। आरोपी बच्चों को जाति-धर्म बताकर बेचते थे और खरीदारों को असली माता-पिता दिखाने के लिए फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाते थे।
अंतरराज्यीय नेटवर्क के संकेत

पुलिस को इस गिरोह के तार ओडिशा, रायगढ़, बिलासपुर, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
रायपुर के डीसीपी रॉबिन्सन गुड़िया ने बताया, “आरोपियों की गिरफ्तारी के सिलसिले में आज तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें रायपुर के वसंत विहार, कुरकुरा स्थित दिवाकर अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. खीर सिंह महानंद भी शामिल हैं। उनकी भूमिका यह है कि जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए उन्होंने ऐसे बच्चों के लिए अस्पताल से मेमो बनाया, जिनका जन्म यहां नहीं हुआ था, या जिन माता-पिता ने बच्चा खरीदा था—उनके आधार कार्ड लिए गए और अस्पताल के मेमो के साथ नगर निगम में फॉर्म जमा किए गए, जिसके जरिए फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाए गए।”



















Total Users : 1273921
Total views : 3144744