सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के डॉक्टरों ने बचाई मासूम की जान; भ्रूण में दो हाथ, दो पैर, जननांग और रीढ़ की हड्डी भी थे विकसित; गर्भावस्था के 8वें महीने में ही सोनोग्राफी में मिल गया था संकेत; 12 विशेषज्ञों की टीम ने किया ऑपरेशन
इंदौर (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से मेडिकल साइंस को हैरान कर देने वाला एक बेहद दुर्लभ मामला सामने आया है। यहां के शासकीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के डॉक्टरों ने महज 30 दिन के एक नवजात शिशु के पेट से उसके अविकसित जुड़वां भ्रूण (Parasitic Twin) को सर्जरी के जरिए सफलतापूर्वक बाहर निकालकर उसे नई जिंदगी दी है। मेडिकल की भाषा में इस अजीबोगरीब और दुर्लभ जन्मजात विकृति को ‘फीटस-इन-फीटू’ (Fetus-in-Fetu) कहा जाता है, जिसे आम बोलचाल की भाषा में ‘बच्चे के अंदर बच्चा’ भी माना जाता है।
यह मामला जूनी इंदौर निवासी कुनाल वर्मा और दीपमाला के 30 दिन के बेटे अयांश का है। अयांश के माता-पिता को गर्भावस्था के आठवें महीने में ही सोनोग्राफी और अन्य रूटीन जांच के दौरान इस विकृति की आशंका का पता चल गया था, जब डॉक्टरों को पता चला कि बच्चे के शरीर में कोई असामान्य संरचना मौजूद है। जन्म के बाद जब परिजन बच्चे को एमवाय अस्पताल परिसर स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग में लेकर आए, तो डॉक्टरों ने विस्तृत जांच की। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह सामान्य गांठ या ट्यूमर नहीं, बल्कि फीटस-इन-फीटू का मामला है।
क्या है ‘फीटस-इन-फीटू’?
यह एक अत्यंत दुर्लभ जन्मजात स्थिति है, जो लगभग पांच लाख जीवित जन्मों में से किसी एक में मिलती है। यह तब होता है जब जुड़वां गर्भधारण में से एक भ्रूण सामान्य रूप से विकसित नहीं हो पाता और दूसरे विकसित हो रहे भ्रूण के शरीर के अंदर समाहित हो जाता है। इसे ‘पैरासिटिक ट्विन’ (Parasitic Twin) भी कहा जाता है। इस स्थिति में भ्रूण के अंदर मौजूद भ्रूण हड्डियां, अंग, रीढ़ की हड्डी और प्रारंभिक अंग विकसित कर सकता है, लेकिन स्वतंत्र रूप से जीवित नहीं रह सकता। लगभग 80% मामले पेट के पीछे के हिस्से (रेट्रोपेरिटोनियल स्पेस) में होते हैं।
सर्जरी का विवरण
जांच के बाद डॉक्टरों ने 4 नवंबर 2026 को ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। सर्जरी के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि नवजात के पेट के भीतर पल रहे अविकसित भ्रूण में दो हाथ, दो पैर, जननांग और रीढ़ की हड्डी का कुछ हिस्सा भी विकसित हो चुका था। करीब साढ़े तीन से चार घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी में डॉक्टरों की टीम ने लगभग आधा किलो वजनी अविकसित भ्रूण को सफलतापूर्वक बाहर निकाला।
12 विशेषज्ञों की टीम
इस जटिल सर्जरी को अंजाम देने के लिए 12 विशेषज्ञों की एक टीम गठित की गई थी। इस टीम का नेतृत्व पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक लड्ढा ने किया। टीम में डॉ. बृजेश लहोटी, डॉ. मनीष कुमार जौल्या, डॉ. अदिति शर्मा, डॉ. ऐश्वर्या खरे, डॉ. कार्तिकेय जैन शामिल थे, जबकि एनेस्थीसिया विशेषज्ञों में डॉ. दीप्ति सक्सेना, डॉ. सौम्या सेठिया, डॉ. श्रेया चौरसिया, डॉ. प्रतीक राजनकर और डॉ. श्रद्धा चौरसिया ने सहयोग किया। अस्पताल के डीन डॉ. अरविंद घंघोरिया और अधीक्षक डॉ. डीके शर्मा ने भी इलाज में सहयोग किया।
सर्जरी के बाद स्थिति
सर्जरी के बाद नवजात अयांश को विशेष देखभाल और निगरानी के लिए अस्पताल के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में रखा गया है। सफल सर्जरी के बाद डॉक्टरों की टीम और परिजनों ने राहत की सांस ली है।



















Total Users : 1273921
Total views : 3144744