बूथों का किया दौरा; एक शिकायत पर अधिकारी ने खुद मंगाए कागजात, बीएलओ को दिया सही प्रक्रिया अपनाने का निर्देश
गिद्धौर (चतरा) | चतरा जिले में मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी रवींद्र कुमार ने गुरुवार को गिद्धौर प्रखंड का दौरा किया और मतदान केंद्रों पर चल रहे SIR (Special Intensive Revision) कार्य का गहन निरीक्षण किया।
केंदुआ बूथ से हुई शुरुआत
जांच की शुरुआत केंदुआ बूथ से हुई, जहां अधिकारी ने बीएलओ से नए नाम जुड़ने, फॉर्म भरने और निरस्त होने के कारणों की जानकारी ली। इस दौरान हवन कुमार पासवान का मामला सामने आया, जिनका नाम माता-पिता के साथ बूथ 203 पर है, लेकिन बूथ 205 पर दोबारा आवेदन के बावजूद उनका फॉर्म निरस्त हो गया था। इस शिकायत पर उप निर्वाचन पदाधिकारी ने तुरंत कागजात मंगवाकर खुद जांच की और बीएलओ को सही प्रक्रिया अपनाने का निर्देश दिया।
18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं का नाम जुड़ना जरूरी
केंदुआ के बाद अधिकारी तिलैया बूथ पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि 18 साल की उम्र पूरी कर चुके प्रत्येक युवा का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जुड़ना चाहिए। इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर छूटे हुए पात्र मतदाताओं को चिन्हित करें, उनके फॉर्म भरवाएं और निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा कराएं।
ये रहे मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान बीडीओ राहुल देव, सुपरवाइजर दिगम्बर पांडेय, उज्ज्वल सिंह, संबंधित बीएलओ और बड़ी संख्या में स्थानीय मतदाता मौजूद रहे।


















Total Users : 1273921
Total views : 3144744